ना सुजलाम है, ना ही सुफलाम है; किस राज्य की भाजपा सरकार पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष; बोले- सिर्फ झूठा प्रचार है
राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को पेश की गई CAG रिपोर्ट में पाया गया कि चुने हुए गांवों में जांच किए गए लगभग 89 प्रतिशत पानी के नमूने पीने लायक नहीं थे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को गुजरात की भारतीय जनता पार्टी सरकार को निशाने पर लेते हुए जोरदार हमला बोला। उन्होंने राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को सदन के पटल पर CAG रिपोर्ट हवाला देते हुए प्रदेश के लाखों घरों में नल कनेक्शन नहीं होने और कई गांवों में पानी के दूषित होने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में अपने 28 साल के शासन के दौरान पार्टी ने केवल झूठे दावे किए हैं और प्रोपेगैंडा फैलाया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर शेयर की एक पोस्ट में उन्होंने कहा, 'मोदी जी के 'हर घर जल' के दावे दूषित पानी में बह गए हैं।' उन्होंने दावा किया कि राज्य में 90 प्रतिशत पानी के नमूने पीने के लायक नहीं पाए गए। हिंदी में की गई अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा, 'जब मोदी जी राज्य के मुख्यमंत्री थे, तब 2004 में 'सुजलाम-सुफलाम' योजना का बहुत ढिंढोरा पीटा गया था। लेकिन 24 साल बाद आज भी गुजरात के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।'
‘मोदी PM बने तो खोखले दावे केंद्र में भी पहुंच गए’
इसके आगे कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि जब वे प्रधानमंत्री बने, तो वही खोखले दावे 'जल जीवन मिशन' में भी पहुंच गए। खड़गे ने आरोप लगाते हुए कहा, 'अब CAG ने 2022 में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन के BJP सरकार के दावे की पोल खोल दी है। 14 लाख परिवार अभी भी पानी का इंतज़ार कर रहे हैं।'
'गुजरात के लोग आज भी पानी के लिए तरस रहे'
खड़गे ने दावा किया कि हालात ऐसे हैं कि पिछले ही सप्ताह ही अहमदाबाद जिले के धोलका में दूषित पानी पीने से हुई कैंसर की बीमारी के कारण 54 लोगों की मौत की खबर आई थी। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि 'सौराष्ट्र में राजकोट और जामनगर जैसे इलाके अभी भी पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं और कच्छ-सौराष्ट्र में किसान सूखे की वजह से परेशान हो रहे हैं।'
'28 साल के शासन में केवल झूठा प्रचार ही हुआ'
उन्होंने कहा कि 'गुजरात की जनता को 2047 तक 'विकसित भारत' जैसा सपना दिखाया गया, लेकिन भाजपा के 28 सालों के शासन में मात्र झूठा प्रचार किया गया, नकली रंगीली तस्वीरें दिखाई गईं और लोगों की आंखों में धूल झोंकी गई। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कहा, 'भाजपा राज में न तो 'सुजलाम' यानि शुद्ध जल है, ना ही 'सुफलाम' यानि प्रचुर मात्रा में फलों और अनाज से भरपूर धरती है।
CAG रिपोर्ट में किए गए खुलासों के आधार पर लगाए आरोप
खड़गे ने यह आरोप भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) द्वारा जारी एक रिपोर्ट में हुए उस खुलासे के बाद लगाए हैं, जिसमें उन्होंने गुजरात में 'जल जीवन मिशन' को लागू करने में गंभीर कमियों का खुलासा किया है। इसमें प्रोजेक्ट में देरी, वित्तीय अनियमितताओं और पूरे राज्य में पानी की गुणवत्ता की जांच में कमियों की ओर इशारा किया गया है।
शुक्रवार को विधानसभा में रखी गई थी CAG रिपोर्ट
शुक्रवार को राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन पेश की गई CAG रिपोर्ट में पाया गया कि चुने हुए गांवों में जांच किए गए लगभग 89 प्रतिशत पानी के नमूने पीने लायक नहीं थे। साथ ही, गलत हिसाब-किताब और अमान्य खर्चों के कारण ठेकेदारों को करोड़ों रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया गया। यह ऑडिट रिपोर्ट 2019-20 से 2023-24 तक 'जल जीवन मिशन' के कार्यान्वयन से संबंधित है।


