दिल्ली के रेहड़ी पटरी वालों की बड़ी जीत, जब्ती का 24 घंटे में देना होगा मेमो
दिल्ली के रेहड़ी पटरी वालों की बड़ी जीत हुई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने एमसीडी और NDMC को आदेश दिया है कि दोनों को 24 घंटे के भीतर जब्ती सामान का मेमो देना होगा। साथ ही जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करानी होगी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने एमसीडी और एनडीएमसी को निर्देश दिया है कि वे स्ट्रीट वेंडर्स का सामान जब्त करने के 24 घंटे के भीतर उनको जब्ती का मेमो दें। इतना ही नहीं अदालत ने पूरी जब्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करने का आदेश दिया है। अदालत के इस फैसले को रेहड़ी-पटरी वालों की बड़ी जीत माना जा रहा है। 'रेहड़ी-पटरी एकता मंच' ने एक जनहित याचिका देते हुए मेमो नहीं दिए जाने की शिकायत दी गई थी।
संबंधित अधिकारी का विवरण भी जरूरी
जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और विकास महाजन की बेंच ने आदेश दिया है कि MCD और NDMC रेहड़ी पटरी वालों के सामान की जब्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करें और 24 घंटे के भीतर जब्त सामान का मेमो दें। मेमो में जब्ती की तारीख, जब्त सामानों की लिस्ट, उनको रखने की जगह (शेल्फ नंबर), जब्त सामान की जानकारी और प्रक्रिया से संबंधित अधिकारी का विवरण होना चाहिए।
संबंधित अधिकारी का विवरण भी दीजिए
अदालत ने कहा है कि यदि कोई जुर्माना देना है तो उसकी जानकारी और संबंधित अधिकारी का विवरण भी स्ट्रीट वेंडर को दिया जाना चाहिए। अदालत ने यह आदेश 10 सितंबर को 'रेहड़ी-पटरी एकता मंच' की जनहित याचिका पर दिया। यह याचिका रेहड़ी पटरी वालों के नियमों का उल्लंघन करने पर उनका सामान जब्त करने से जुड़ी थी। आरोप था कि जब भी सामान जब्त किया जाता है तो MCD और NDMC कोई जब्ती मेमो नहीं बनाता है।
क्या था आरोप?
इतना ही MCD और NDMC पर यह भी आरोप था कि दोनों की ओर से सामान की लिस्ट नहीं दी जाती है। सामान जब्त किए जाने के बाद केवल जुर्माना भरने की रसीद दी जाती है। वहीं MCD और NDMC के वकील ने अपनी दलील में कहा कि सामान एक खास समय पर जब्त किया जाता है। ऐसे में अधिकारी मौके पर ही जब्ती मेमो बनाते हैं तब दूसरे वेंडर्स को इसकी भनक लग जाती है। इससे उनको बचकर भाग जाने का मौका मिल जाता है।
MCD और NDMC की क्या दलील?
MCD और NDMC के वकील की ओर से यह भी कहा गया कि पहले सामान जब्त किया जाता है और शाम को जब्ती मेमो के साथ जुर्माने की रसीद दी जाती है। अधिकारी जब्त सामान को रखने के लिए एक वेयरहाउस का इंतजाम करते हैं। वेंडर्स का सामान खास शेल्फ में रखा जाता है। उन्हें दी जाने वाली रसीद में शेल्फ का नंबर भी लिखा होता है। जुर्माना भरने पर संबंधित वेंडर्स को उसका सामान वापस कर दिया जाता है।
जब्त सामान की लिस्ट बनाना और कॉपी वेंडर को देना जरूरी
इसके बाद हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि MCD और NDMC से 'स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका की सुरक्षा और स्ट्रीट वेंडिंग का नियमन) एक्ट, 2014' की धारा 19 का पालन करने की उम्मीद की जाती है। इस कानून के तहत जब्त सामान की लिस्ट बनाना और उसकी एक कॉपी वेंडर को देना जरूरी है। यदि मौके पर जब्ती मेमो बनाना संभव नहीं हो तो MCD और NDMC को सामान जब्त करने के 24 घंटे के अंदर मेमो जारी करना होगा। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी जरूरी है।

