नेशनल लेवल की शूटर ने कोच पर लगाया यौन शोषण का आरोप, परफॉर्मेंस रिव्यू के बहाने होटल में दरिंदगी

Jan 08, 2026 05:43 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, फरीदाबाद।
share Share
Follow Us on

शिकायत में कहा गया है कि होटल के कमरे में कोच ने नाबालिग खिलाड़ी के साथ यौन शोषण किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसका करियर बर्बाद कर देगा।

नेशनल लेवल की शूटर ने कोच पर लगाया यौन शोषण का आरोप, परफॉर्मेंस रिव्यू के बहाने होटल में दरिंदगी

खेल जगत को शर्मसार करने वाली एक घटना में 17 वर्षीय एक नेशनल लेवल की निशानेबाज (Shooter) ने अपने कोच पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि कोच ने पिछले महीने फरीदाबाद के एक होटल में उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।

दर्ज एफआईआर के मुताबिक, यह घटना 16 दिसंबर की है। पीड़िता ने उस दिन दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया था। मैच खत्म होने के बाद, कोच ने उसे खेल के प्रदर्शन की समीक्षा करने के बहाने फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक होटल की लॉबी में बुलाया, जहां वह ठहरा हुआ था।

आरोप है कि जब लड़की वहां पहुंची, तो कोच ने उसे यह कहकर अपने कमरे में चलने के लिए मजबूर किया कि वहां बेहतर तरीके से चर्चा हो पाएगी।

शिकायत में कहा गया है कि होटल के कमरे में कोच ने नाबालिग खिलाड़ी के साथ यौन शोषण किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसका करियर बर्बाद कर देगा और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला

फरीदाबाद पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मंगलवार को महिला थाना (NIT फरीदाबाद) में मामला दर्ज किया है। चूंकि एथलीट घटना के समय नाबालिग थी, इसलिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

होटल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। होटल स्टाफ और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "आरोप बेहद गंभीर हैं। हम उचित प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी सबूत सुरक्षित रहें। जल्द ही आरोपी से पूछताछ की जाएगी।"

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
;;;