काम की बात: नमो भारत के यात्रियों के लिए खुशखबरी; लॉन्च की गई यह सुविधा, बचेंगे समय और पैसे
नमो भारत ट्रेन में नियमित यात्रियों के लिए एक खास सुविधा शुरू की गई है। एक कार्ड से यूजर तय स्टेशनों के बीच यात्रा कर के समय बचा सकते हैं। इससे बार-बार टिकट खरीदने या रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

नमो भारत ट्रेन में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) इस्तेमाल करने वाले नियमित यात्रियों के लिए ट्रिप पास की सुविधा शुरू हो गई है। इससे यात्रियों के पैसे और उनका समय दोनों ही बचेगा। यात्रियों को अब बार-बार टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री पहले से यात्राओं की योजना बनाकर भुगतान कर सकते हैं। ट्रिप पास का ज्यादा लाभ नौकरीपेशा, व्यापारी और छात्रों को मिलेगा।
इन झंझटों से मिलेगा छुटकारा
नमो भारत ट्रेन रोजाना लगभग 1.1 लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में यात्री निश्चित प्वाइंट ए से प्वाइंट बी के बीच यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों को अब हर यात्रा के लिए अलग से टिकट खरीदने या बार-बार एनसीएमसी कार्ड रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी। यात्री कई यात्राओं के लिए ट्रिप पास खरीद सकते हैं। इससे सुबह-शाम की व्यस्तता के दौरान टिकट खरीदने और कार्ड टॉप-अप करने में लगने वाला समय बचेगा।
इन यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि ट्रिप पास उन यात्रियों के लिए है जो नियमित रूप से एक तय स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं। एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास लोड होने के बाद संबंधित स्टेशन के बीच यात्रा करने पर पास से एक ट्रिप खुद कट जाएगी। उदाहरण के लिए सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित यात्रा करने वाला यात्री जरूरत के अनुसार पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है। इस पास का एक दिन में कई बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
ट्रिप पास से यात्री पहले से कर सकते हैं भुगतान
सराय काले खां से मोदीपुरम का स्टैंडर्ड कोच का किराया 210 रुपये और प्रीमियम कोच में 250 रुपये है। एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2,000 रिचार्ज होता है। ऐसे में दोनों स्टेशन के बीच नियमित आने-जाने वाले यात्री के लिए यह राशि चार दिन या एक हफ्ते से कम समय में खत्म हो जाएगी। ट्रिप पास से यात्री कई यात्राओं के लिए पहले से भुगतान कर सकते हैं, जिससे बार-बार वॉलेट रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी।
दूसरे स्टेशन तक यात्रा करने पर कार्ड से किराया कटेगा
ट्रिप पास केवल आरंभिक और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य होगा जिसके लिए इसे खरीदा है। अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा। उदाहरण के लिए किसी यात्री के पास सराय काले खां से बेगमपुल तक का ट्रिप पास है। लेकिन वह शताब्दीनगर या उससे पहले किसी स्टेशन तक जाता है तो उस यात्रा का किराया ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा।
ग्लोबल वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस नहीं है तो करना होगा यह काम
इसके लिए वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस जरूरी है। इसी तरह यात्री बेगमपुल से आगे की यात्रा करता है और अतिरिक्त किराए के लिए ग्लोबल वॉलेट में पर्याप्त बैलेंस नहीं है तो गंतव्य स्टेशन से बाहर निकलने से पहले उसे वॉलेट रिचार्ज करना होगा। यानी ट्रिप पास केवल उस तय रूट के लिए है जिसके लिए उसे खरीदा गया है। किसी दूसरे रूट पर यात्रा करने पर ट्रिप पास लागू नहीं होगा और उसका किराया ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा।
यात्री हर यात्रा पर 10 फीसदी छूट का लाभ उठा सकेंगे
नमो भारत के यात्री हर यात्रा पर 10 फीसदी की छूट का लाभ उठा सकते हैं। लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत एनसीएमसी कार्ड से नमो भारत में यात्रा करने पर खर्च किए हर एक रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है।
300 लॉयल्टी पॉइंट से फ्री में कर सकेंगे एक यात्रा
एक लॉयल्टी पॉइंट की कीमत 10 पैसे है और 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर उन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यात्री अपनी यात्रा की आवृत्ति के अनुसार अलग-अलग ट्रिप पास विकल्पों में से चुन सकते हैं। स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों तरह के कोच के लिए 1 से 40 ट्रिप तक के पास के विकल्प उपलब्ध हैं। ट्रिप पास एएफसी गेट के पास काउंटर से खरीदे जा सकते हैं। टिकट वेंडिंग मशीन से भी भुगतान हो सकता है।


