काम की बात: दिल्ली-ऋषिकेश को जोड़ेगी नमो भारत ट्रेन सेवा, NCRTC ने बनाया रूट प्लान

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली/देहरादून
Follow us on Google News
share

Namo Bharat Train : दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश आने-जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। एनसीईआरटीएस दिल्ली--ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन चलाने पर विचार कर रहा है। अगर इस रूट पर नमो भारत ट्रेन शुरू हुई तो दिल्ली से उत्तराखंड के लिए सड़क से लेकर रेल तक बेहतर कनेक्टविटी हो जाएगी।

दिल्ली-ऋषिकेश को जोड़ेगी नमो भारत ट्रेन सेवा, NCRTC ने बनाया रूट प्लान

Namo Bharat Train : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद अब दिल्ली-मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक नमो भारत रेल सेवा का रास्ता भी खुल सकता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीईआरटीएस) ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के तहत नमो रेल सेवा के यूपी के मेरठ से उत्तराखंड में हरिद्वार व ऋषिकेश तक विस्तार के लिए सर्वे शुरू करने पर सहमति दे दी। एनसीईआरटीएस के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी।

Namo Bharat Rapid Rail

लंबे समय से प्रयास कर रही उत्तराखंड सरकार

रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानि आरआरटीएस अत्याधुनिक तेज रफ्तार वाला रेल नेटवर्क है। दिल्ली से मेरठ तक इसका विस्तार हो चुका है। उत्तराखंड इसे देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश तक जोड़ने के लिए पिछले काफी समय से प्रयास कर रहा है।

डेढ़ सौ किलोमीटरका होगा रेल रूट

मेरठ से उत्तराखंड तक नमो भारत का प्रस्तावित रूट 150 किमी. का है। इसमें 72 किलोमीटर यूपी में आएगा। 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा। इस रूट में 14 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली में है। एनसीईआरटीएस ने इस रूट का खाका तैयार कर लिया है।

देहरादून के और करीब आएगी दिल्ली

आरआरटीएस प्रोजेक्ट मंजूर होने से उत्तराखंड की दिल्ली-एनसीआर और वेस्ट यूपी के साथ रेल कनेक्टविटी और बेहतर हो जाएगी। वर्तमान में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चालू होने से सड़क मार्ग का सफर काफी आसान हो गया है। इसकी वजह से दिल्ली का सफर ढाई घंटे में होने लगा है। नमो भारत रेल सेवा के फेरे अधिक होने से जहां लोगों को सफर के लिए ज्यादा मौके मिलेंगे। वहीं इससे समय की भी काफी बचत होगी।

दिल्ली-मेरठ रूट की लंबाई और स्टेशन

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन रूट दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाला एक अहम प्रोजेक्ट है। दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम तक 82.15 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर कुल 16 मुख्य स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें सराय काले खां, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ के प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। नमो भारत ट्रेन के जरिये यात्री दिल्ली से मेरठ का सफर 160 किमी/घंटा की रफ्तार से महज 55 मिनट में पूरा कर सकते हैं।

गौरतलब है कि, गाजियाबाद में नमो भारत ट्रेन के पहले चरण की शुरुआत 20 अक्टूबर 2023 को हुई थी। इसमें दुहाई डिपो से साहिबाबाद के बीच 17 किलोमीटर का रूट यात्रियों के लिए खोला गया था। इसके बाद मार्च 2024 में दुहाई से मोदीनगर नॉर्थ और अगस्त 2024 में मेरठ साउथ तक सेवा का विस्तार किया गया। जनवरी 2025 में दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक ट्रेनें चलने लगीं। इसके बाद 22 फरवरी 2026 को न्यू अशोक नगर से सराय काले खां और मेरठ साउथ से मोदीपुरम के अंतिम खंडों को भी शुरू कर दिया गया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।