
नमो भारत ट्रेन का सराय काले खां स्टेशन तैयार, 82 KM लंबे दिल्ली टू मेरठ रूट पर सबसे बड़ा स्टॉप
नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्री जल्द दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से मेरठ तक आसानी से सफर कर सकेंगे। एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) ने दिल्ली में इस अंतिम स्टेशन को तैयार कर लिया है।
नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्री जल्द दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से मेरठ तक आसानी से सफर कर सकेंगे। एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) ने दिल्ली में इस अंतिम स्टेशन को तैयार कर लिया है।
न्यू अशोक नगर स्टेशन से सराय काले खां स्टेशन के बीच ट्रेनों के स्पीड ट्रायल भी पूरे हो चुके हैं। माना जा रहा है कि जनवरी के अंत तक इसका उद्घाटन हो सकता है। सराय काले खां स्टेशन को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया गया है। नमो भारत स्टेशन को उत्तर रेलवे के निजामुद्दीन स्टेशन और दिल्ली के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, सिटी बस स्टॉप और मेट्रो की पिंक लाइन से कनेक्ट किया गया है। ऐसे में रेलगाड़ी और बसों से यहां तक सफर करके पहुंचे लोग मेरठ तक का सफर नमो भारत ट्रेन से कर सकेंगे।
मेरठ मेट्रो के साथ हो सकता है उद्घाटन
नमो भारत के सराय काले खां स्टेशन तक ट्रेनों का संचालन का शुभारंभ मेरठ मेट्रो के साथ किया जा सकता है। मेरठ में नमो भारत कॉरिडोर और इसी कॉरिडोर पर चलने वाली मेट्रो की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। चर्चा है कि इस कॉरिडोर के नवनिर्मित खंड का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही कर सकते हैं। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं हो सकी है।
कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशन की यह है खासियत
● 82 किमी लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का यह पहला स्टेशन होगा
● 215 मीटर लंबा, 50 मीटर चौड़ा यह स्टेशन कॉरिडोर का सबसे बड़ा स्टेशन है
● यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 12 एस्केलेटर और 4 लिफ्ट लगाई गई हैं
● भीड़ से बचने के लिए इस स्टेशन पर पांच प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं
● स्टेशन के नीचे 17 बसों के लिए बस-वे का प्रावधान किया गया है
● यह नमो भारत स्टेशन दिल्ली में कॉरिडोर का सबसे बड़ी पार्किंग वाला स्टेशन होगा
● यहां 275 कारें और 900 दोपहिया वाहन एक साथ खड़े किए जा सकेंगे
स्टेशन पर रूफटॉप कैफे खोले जाएंगे
नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने लिए एनसीआरटीसी दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के गाजियाबाद स्टेशन पर कैफे-रेस्टोरेंट की सुविधा देगा। इसके लिए निविदा आमंत्रित की है। स्टेशन के क्षेत्र में रूफटॉप रेस्टोरेंट, फूड आउटलेट्स, कैफे खोले जाएंगे।





