नमो भारत ट्रेन के आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों मिलेगी स्कॉईवॉक की सुविधा, ट्रैवलेटर भी लगेगा
Namo Bharat Train : नमो भारत ट्रेन के यात्रियों का सफर अब और आसान होने वाला है। इसके लिए दिल्ली में आनंद विहार स्टेशन पर ट्रैवलेटर से लैस 417 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाया जाएगा। इसके जरिये रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन भी आरआरटीएस से कनेक्ट हो जाएंगे।

नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी एक और अच्छी खबर लेकर आया है। नमो भारत के दिल्ली के स्टेशनों पर भी जल्द यात्रियों को ट्रैवलेटर की सुविधा मिलेगी। आनंद विहार स्टेशन पर कौशांबी से आनंद विहार नमो भारत ट्रेन, रेलवे और मेट्रो स्टेशन को 417 मीटर लंबे स्काई वॉक से जोड़ा जाएगा। इस पर ट्रैवलेटर की सुविधा होगी। वहीं, सराय काले खां स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन के लिए कमांड सेंटर बनाया जाएगा।
हर दिन सवा लाख यात्री कर रहे सफर
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने इन दोनों काम के टेंडर जारी कर दिए हैं। यह काम 18 माह में पूरे हो जाएंगे। नमो भारत ट्रेन में यात्री संख्या लगातार बढ़ रही है और अब यह यह हर दिन सवा लाख पर पहुंच गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के हिसाब से एनसीआरटीसी खुद को तैयार कर रहा है। यात्रियों को संख्या को देखते हुए 18 फेरे बढ़ाए गए हैं। सराय काले खां और आनंद विहार पर यात्रियों को स्काई वॉक पर ट्रैवलेटर की सुविधा दी जाएगी।
सराय काले खां पर बनेगा कमांड सेंटर
ट्रेनों के सफल परिचालन के लिए सराय काले खां पर कमांड सेंटर बनेगा। इसके लिए एनसीआरटीसी ने टेंडर जारी कर दिए। अभी तक दुहाई डिपो से नमो भारत का तकनीकी संचालन हो रहा है। नमो भारत के कई ट्रैक को लेकर वार्ता चल रही है। ऐसे में बड़े कमांड सेंटर की जरूरत होगी। इसे सराय काले खां पर बनाने का फैसला लिया गया है।
18 माह में बनेगा स्काईवॉक
कौशांबी बस अड्डे से आनंद विहार नमो भारत स्टेशन होते हुए रेल और मेट्रो स्टेशन को जोड़ने वाला स्काईवॉक बनेगा। 12 जून को इसका टेंडर जारी हो चुका है। यह काम 18 माह में पूरा कर लिया जाएगा। करीब 417 मीटर लंबे स्काईवॉक को यहां वर्तमान में मौजूद फुट ओवर ब्रिज के समानांतर बनाया जाएगा।
सराय काले खां पर फुट ओवर ब्रिज बनेगा
सराय काले खां पर रिंग रोड के ऊपर फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इसकी योजना प्रोजेक्ट के शुरू से थी। कई तरह की एनओसी के चलते काम शुरू नहीं हो पाया था। सूत्रों के मुताबिक अब एनओसी अंतिम चरण में हैं और इसका टेंडर जल्दी जारी होगा। यह सराय काले खां नमो स्टेशन को बांसेरा पार्क की तरफ जोड़ेगी। एफओबी बनने से यात्रियों को रिंग रोड पार करने में आसानी होगी और वह नमो भारत के साथ मेट्रो, भारतीय रेल और बस अड्डे तक आसानी से पहुंच सकेंगे।


