नमो भारत ट्रेन यात्रियों को बड़ी सहूलियत, सराय काले खां से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचाएगा ट्रैवलेटर

Feb 13, 2026 06:41 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में नमो भारत ट्रेन के सराय काले खां स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक आवागमन करने के लिए यात्रियों को स्टेशनों से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा। दोनों स्टेशनों को जोड़ने के लिए एनसीआरटीसी ने 280 मीटर लंबा स्काई वॉक बनाकर तैयार कर लिया है।  

नमो भारत ट्रेन यात्रियों को बड़ी सहूलियत, सराय काले खां से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचाएगा ट्रैवलेटर

दिल्ली में नमो भारत ट्रेन के सराय काले खां स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक आवागमन करने के लिए यात्रियों को स्टेशनों से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा। दोनों स्टेशनों को जोड़ने के लिए एनसीआरटीसी ने स्काई वॉक बनाकर तैयार कर लिया है। 280 मीटर लंबे इस स्काई वॉक पर यात्रियों के लिए ट्रैवेलेटर लगाए गए हैं। इन ट्रैवलेटर पर यात्री खड़े हो जाएंगे और एस्केलेटर की तरह खुद आगे बढ़ते जाएंगे। दिल्ली में एनसीआटीसी का यह पहला स्टेशन है, जिस पर यात्रियों के लिए ऐसी आधुनिक सुविधा दी गई है।

छह ट्रैवेलेटर स्थापित किए गए

एनसीआरटीसी के मुताबिक, इस स्काई वॉक (फुटओवर ब्रिज) का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। इसके बाद इस पर छह ट्रैवेलेटर स्थापित कर दिए गए हैं। वर्तमान में इसकी छत बनाने का काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि इसे मार्च तक खोल दिया जाएगा।

इसलिए पड़ी जरूरत : सराय काले खां नमो भारत स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच की दूरी करीब 300 मीटर है। इस दूरी को देखते हुए पैदल यात्रियों के लिए एक फुट ओवर ब्रिज की जरूरत महसूस की गई ताकि यात्री इन दोनों परिवहन साधनों के बीच आसानी से यात्रा कर सकें। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से आने-जाने वाले महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और विशेष रूप से दिव्यांगों सहित उन यात्रियों के लिए इस तरह की सुविधा बेहद फायदेमंद होगी, जो भारी सामान के साथ यात्रा करेंगे।

उचित कनेक्टिविटी की कमी के कारण लोगों को एक माध्यम से दूसरे माध्यम आने-जाने के लिए भारी ट्रैफिक वाली सड़कें पार करनी पड़ती हैं। व्यस्त यातायात के बीच जब गाड़ियां तेज रफ्तार से आ जा रही हों, यात्रियों को जोखिम बना रहता है।

मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनेगा सराय काले खां

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक, सराय काले खां स्टेशन परिवहन का प्रमुख केंद्र व मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनेगा। यह राजधानी दिल्ली को मेरठ के साथ जोड़ने के साथ ही, मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड बस स्टैंड के साथ कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ से होकर गुजरता है 82 KM रूट

बता दें कि, 82 किलोमीटर लंबा आरआरटीएस (रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ से होकर गुजरता है, जो घनी आबादी वाले शहरी केंद्रों को जोड़ता है, और आनंद विहार और सराय काले खां जैसे स्टेशनों पर बहु-मॉडल एकीकरण पर जोर देता है। वर्तमान में, 11 स्टेशनों वाला 55 किलोमीटर का हिस्सा चालू है, जबकि शेष खंड जिनमें सराय काले खान-न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ-मोदीपुरम शामिल हैं - जल्द ही चालू होने की उम्मीद है। एनसीआरटीसी ने कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन यात्रियों की औसत संख्या 55,000 से 60,000 के बीच है और पूर्ण रूप से चालू होने के बाद इसमें काफी वृद्धि होने का अनुमान है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें