गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन का डिजाइन तैयार, 200 मीटर दूर होंगे एंट्री-एग्जिट

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम और रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के नीमराना तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन का डिजाइन तैयार हो गया है। एनसीआरटीसी ने इस डिजाइन को एचएमआरटीसी और जीएमआरएल को सौंप दिया है।

गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन का डिजाइन तैयार, 200 मीटर दूर होंगे एंट्री-एग्जिट

दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम और रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के नीमराना तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के साइबर सिटी स्टेशन का डिजाइन तैयार हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इस डिजाइन को हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) को सौंप दिया है। हरियाणा के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को होने वाली बैठक में इस डिजाइन को रखा जाएगा। शंकर चौक के पास प्रस्तावित साइबर सिटी स्टेशन के इस डिजाइन में प्रवेश और निकासी करीब 150 से 200 मीटर की दूरी पर होगी। वाहनों के पार्किंग की जगह को भी इस डिजाइन में निर्धारित किया है।

डिजाइन के साथ इसके निर्माण में आ रही पानी, सीवर, बिजली लाइन और बरसाती नाले के स्थानांतरण की समयसीमा के बारे में जानकारी साझा की गई है। यह भी बताया गया है कि रैपिड मेट्रो के साइबर सिटी स्टेशन के साथ इस स्टेशन को एफओबी के माध्यम से किस तरह से जोड़ा जाएगा। नमो भारत स्टेशन के इस डिजाइन को शुक्रवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में रखा जाएगा। एचएमआरटीसी, जीएमआरएल, जीएमडीए, एचएसवीपी, बिजली निगम, नगर निगम और एचएसआईआईडीसी अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद इस डिजाइन को मंजूरी दी जाएगी। जीएमआरएल ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो प्रस्तावित किया है। इसको लेकर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) की 1330 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। मेट्रो डिपो के प्रवेश के रास्ते में यह जमीन आ रही है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जमीन का यह विवाद सुलझेगा।

हाईटेंशन टावर का स्थानांतरण अटका

व्यापार केंद्र रोड पर मेट्रो के 350 मीटर लंबे रिवर्सल ट्रैक के निर्माण में बिजली के तीन हाईटेंशन टावर आ रहे हैं। एचवीपीएन ने इसके स्थानांतरण को लेकर 17 करोड़ का इस्टीमेट बना लिया है।

शंकर चौक पर होना है निर्माण

बता दें कि पिछले साल शंकर चौक पर नमो भारत ट्रेन के स्टेशन पर एचएसआईआईडीसी ने ऐतराज जाहिर किया था। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का साइबर सिटी स्टेशन शंकर चौक पर बनना है। एनसीआरटीसी ने बताया था कि स्टेशन की इमारत को शंकर चौक पर बनाया जाएगा, लेकिन प्रवेश और निकासी दूर बनाई जाएंगी। ऐसा होने से जाम की स्थिति नहीं बनेगी। डिजाइन तैयार करने के आदेश दिए गए थे।

अभी अड़चन दूर नहीं

जीएमआरएल की तरफ से मुख्य सचिव को हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो निर्माण में आ रही अड़चनों से रूबरू करवाया जाएगा। बिकानेर मिष्ठान भंडार का जमीन विवाद अभी तक सुलझा नहीं है। बिजली घर, सीएनजी स्टेशन, हिमगिरी आश्रम की जमीन नहीं मिली है। पानी, सीवर, बिजली और नाला स्थानांतरित नहीं हुआ है। सेक्टर-10 में स्टेशन निर्माण के लिए वन विभाग से जमीन नहीं मिली है।

नाला बनाने की योजना

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण करीब तीन किमी लंबे सुशील ऐमा मार्ग पर करना है। इस मार्ग की चौड़ाई 30 मीटर है। मुख्य बरसाती नाला नंबर एक इस मार्ग पर है। जीएमडीए ने करीब 32 करोड़ की लागत से एक नया बरसाती नाला इस मार्ग पर बनाने की योजना है। बरसाती नाला और मेट्रो का निर्माण यदि एक साथ इस रोड पर चलता तो यातायात प्रभावित होगा। इस रोड पर यातायात दबाव अधिक है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।