Hindi Newsएनसीआर NewsNamo Bharat train gurugram greater noida route work will begin in april on 61 route see station locations
नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम-ग्रेटर नोएडा के बीच 61 KM रूट पर अप्रैल से शुरू होगा काम, यहां बनेंगे स्टेशन

नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम-ग्रेटर नोएडा के बीच 61 KM रूट पर अप्रैल से शुरू होगा काम, यहां बनेंगे स्टेशन

संक्षेप:

Namo Bharat Train : गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा के बीच प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन की डीपीआर एनसीआरटीसी ने तैयार कर ली है। 61.5 किमी लंबे रूट पर गुरुग्राम में दो, फरीदाबाद में दो, नोएडा में एक और ग्रेटर नोएडा में एक स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 15745 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा।

Dec 08, 2025 07:36 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
share Share
Follow Us on

Namo Bharat Train : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा के बीच प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन की डीपीआर तैयार कर ली है। इसके निर्माण पर करीब 15745 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। अप्रैल 2026 से इस परियोजना पर निर्माण शुरू करने की योजना है। करीब 61.5 किमी लंबाई के इस नमो भारत ट्रेन रूट के तहत गुरुग्राम में दो, फरीदाबाद में दो, नोएडा में एक और ग्रेटर नोएडा में एक स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एनसीआरटीसी की योजना के मुताबिक, इफ्को चौक से नमो भारत ट्रेन शुरू होगी, जो मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, डॉ. बीआर अंबेडकर मार्ग, ब्रिगेडियर ओसमान चौक से अरावली पर्वत शृंखला से होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गांव ग्वाल पहाड़ी के समीप पहुंच जाएगी।

Namo Bharat train Gurugram Greater Noida route

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर फरीदाबाद स्थित हनुमान मंदिर, बड़खल एंक्लेव, शहीद भगत सिंह मार्ग होते हुए बाटा चौक पर जाएगी। बाटा चौक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा कैनाल से होते हुए सेक्टर-85-86 चौक (अमोलिक चौक) पर पहुंचेगी। इसके बाद अमृता अस्पताल के पास से होते हुए फरीदाबाद-नोएडा-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, यमुना नदी को पार करते हुए नोएडा के सेक्टर-168 के समीप पहुंच जाएगी। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्वा मेट्रो लाइन को पार करते हुए हिंडन नदी से होते हुए ग्रेटर नोएडा में प्रवेश करेगी। सूरजपुर में नमो भारत का अंतिम स्टेशन बनेगा। गुरुग्राम के सेक्टर-54 स्टेशन से बाटा चौक तक की दूरी करीब 25 किलोमीटर रहेगी, जोकि सबसे अधिकतम है। सबसे न्यूनतम दूरी साढ़े सात किमी है। इफ्को चौक से सेक्टर-54 और नोएडा से सूरजपुर स्टेशन के बीच रहेगी।

सभी स्टेशन एलिवेटेड रहेंगे : गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा के बीच छह स्टेशन होंगे। गुरुग्राम में इफ्को चौक, सेक्टर-54, फरीदाबाद में बाटा चौक, सेक्टर-85-86 स्टेशन, नोएडा में सेक्टर-142-168 स्टेशन, ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्टेशन बनाया जाएगा। यह सभी स्टेशन एलिवेटेड रहेंगे।

चार लाख यात्री सफर करेंगे

डीपीआर के मुताबिक, साल 2031 में नमो भारत के इस रूट पर ट्रेन चलने के बाद यात्रियों की संख्या 3.84 लाख होगी। साल 2054 तक यह संख्या बढ़कर 8.53 लाख तक पहुंच जाएगी। शुरुआत में ट्रेन में छह कोच रहेंगे और 10 ट्रेन को चलाया जाएगा। एकसाथ 1928 यात्री सफर कर सकेंगे। 408 यात्रियों के बैठने की सीट होगी।

जमीन की जरूरत होगी

नमो भारत ट्रेन के संचालन को लेकर करीब 75 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी। इनमें 41.8 हेक्टेयर जमीन निजी लोगों की है, जबकि 33.71 हेक्टेयर जमीन सरकारी है। इस जमीन को लेने में करीब 1500 करोड़ की लागत आएगी। डीपीआर के मुताबिक, नमो भारत ट्रेन में 220 केवी क्षमता के तीन बिजली घर से जोड़ा जा सकेगा।

पेड़ों को काटना होगा

इस रूट के निर्माण के लिए 5655 पेड़ों को काटना पड़ेगा। इसके बदले में 56550 पौधों को लगाना होगा। पौधे को लगाने और पेड़ों की कटाई में करीब 25 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। डीपीआर के मुताबिक 18.2 किलोमीटर की लंबाई में यह ट्रेन अरावली पर्वत शृंखला से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।