नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम टू बहरोड़ रूट में आई गैस वाली अड़चन, कहां-कहां लगा अड़ंगा

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
Follow us on Google News
share

एनसीआरटीसी की सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि गुरुग्राम से बहरोड़ तक प्रस्तावित 105 किलोमीटर लंबे नमो भारत ट्रेन रूट के निर्माण में गैस पाइप लाइन अब बड़ी अड़चन बन गई है। गुरुग्राम से बावल तक 93 किलोमीटर रूट पर 13 स्टेशन बनाए जाएंगे।

नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम टू बहरोड़ रूट में आई गैस वाली अड़चन, कहां-कहां लगा अड़ंगा

दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के निर्माण में हरियाणा सिटी गैस पाइप लाइन अड़चन बन गई है। यह गैस पाइप लाइन डीएलएफ साइबर सिटी से लेकर राजीव चौक के बीच हरित क्षेत्र में है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की सर्वे रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।

दिल्ली से गुरुग्राम और बावल होते हुए बहरोड़ तक करीब 105 किलोमीटर लंबी नमो भारत ट्रेन रूट की परियोजना बनाई गई है। इसे दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले चरण में दिल्ली से गुरुग्राम होते हुए बावल तक करीब 93 किलोमीटर का ट्रेन मार्ग तैयार किया जाएगा। इसमें 13 नमो भारत स्टेशन तैयार किए जाएंगे।

निर्माण में करीब 32 हजार 327 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शहरी एवं आवासन मंत्रालय ने 27 जनवरी को इस परियोजना को प्राथमिक मंजूरी दे दी थी। दो फरवरी को मुख्यमंत्री ने भी बावल तक नमो भारत ट्रेन मार्ग के निर्माण की मंजूरी प्रदान कर दी थी।

इन जगहों पर आ रही दिक्कत

एनसीआरटीसी की तरफ से इस ट्रेन मार्ग के निर्माण में आ रही अड़चनों का सर्वे किया जा रहा है। इसमें सामने आया है कि इस ट्रेन मार्ग के निर्माण में चार जगहों पर हरियाणा सिटी गैस की गैस पाइप लाइन आ रही है। इफ्को चौक शराब ठेके के पास करीब 170 मीटर, सेक्टर-31 के पास करीब 590 मीटर, जुबली पार्क के पास करीब एक किलोमीटर, झाड़सा चौक के पास करीब 700 मीटर लंबी गैस पाइप लाइन शामिल है। गेल की भी करीब 250 मीटर लंबी पाइप लाइन नमो भारत ट्रेन मार्ग के बीच में आ रही है।

पार्किंग से दिक्कत हो रही

एनसीआरटीसी झाड़सा चौक से राजीव चौक के बीच डली सीवर लाइन को शिफ्ट कर रहा है। सेक्टर-32 की एचएसवीपी पार्किंग होने की वजह से इसकी शिफ्टिंग के काम में दिक्कत आ रही है। 1400 एमएम की 270 मीटर, जबकि 1800 एमएम की 600 मीटर लंबी पाइप लाइन को शिफ्ट किया जाना है।

पेयजल और शोधित पानी की भी पाइपलाइन बीच में आ रही

नमो भारत ट्रेन मार्ग में पेयजल लाइन और शोधित पानी की पाइप लाइन भी आ रही है। नौ जगहों पर करीब 2 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन है, जबकि करीब एक किलोमीटर लंबी शोधित पानी की लाइन है। यह पाइप लाइन साइबर सिटी से लेकर राजीव चौक के बीच हैं।

बता दें कि, नमो भारत ट्रेन का नेटवर्क तेजी से बढ़ता जा रहा है। मेरठ से लेकर सराय काले खां तक यह चालू है, जबकि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत चलाने की भी मंजूरी मिल गई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।