नमो भारत गाजियाबाद-नोएडा एयरपोर्ट रूट में कोई बदलाव नहीं, अफवाहों पर लगा विराम
एनसीआरटीसी ने गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के रूट में बदलाव की अफवाहों को खारिज कर दिया है। 20,637 करोड़ रुपये की इस परियोजना में 11 स्टेशन होंगे, जो जेवर को गाजियाबाद और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर से जोड़ेंगे।

नमो भारत ट्रेन का गाजियाबाद से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रस्तावित रूट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एनसीआरटीसी ने उन अफवाहों को खारिज किया, जिसमें बताया जा रहा था कि जेवर तक जाने वाली नमो भारत का परिचालन दिल्ली सराय काले खां से होगा।
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के पूर्व के प्रस्ताव के अनुसार रूट पर काम किया जा रहा। गाजियाबाद से जेवर कॉरिडोर 72.44 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के 11 स्टेशन बनाए जाने हैं। परियोजना पर करीब 20,637 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
एनसीआरटीसी पहले ही गाजियाबाद से जेवर कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज चुका है। प्रदेश सरकार ने डीपीआर मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजी है। केंद्र की तरफ से डीपीआर पर अभी अध्ययन किया जा रहा। एनसीआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कुछ दिन पहले दिल्ली में गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर पर चर्चा के लिए बैठक हुई थी। इसमें प्रस्तावित कॉरिडोर की डीपीआर के कई बिंदुओं में सुधार करने का सुझाव दिया गया।
रूट बदलने की बात को अफवाह बताया
अधिकारी ने बताया कि डीपीआर को जल्द स्वीकार किए जाने की उम्मीद है। बैठक के बाद अफवाह थी कि जेवर तक बनने वाला कॉरिडोर गाजियाबाद की जगह सराय काले खां से बनाया जाएगा। एनसीआरटीसी से इसे अफवाह बताया है। अधिकारी ने बताया कि रूट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पूर्व के प्रस्तावित रूट पर ही काम चल रहा।
परियोजना के तहत 11 स्टेशनों का निर्माण करने का प्रस्ताव
नोएडा एयरपोर्ट से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से होकर ग्रेटर नोएडा होते हुए नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन से इसका एकीकरण कर गाजियाबाद स्टेशन से जोड़ा जाएगा। नमो भारत ट्रेन के गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12, सूरजपुर, अल्फा-प्रथम, इकोटेक-छह, दनकौर, यीडा नार्थ सेक्टर-18, यीडा सेंट्रल सेक्टर-21 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रस्तावित 11 स्टेशन हैं। इस रूट पर कुल 25 स्टेशन होंगे। इनमें 11 स्टेशन आरआरटीएस के होंगे। शेष स्टेशन मेट्रो के होंगे। नमो भारत ट्रेन को गाजियाबाद स्टेशन से जेवर तक चलाया जाना है। इसे ध्यान में रखकर गाजियाबाद स्टेशन पर पहले से अतिरिक्त प्लेटफार्म बनाए गए हैं।
युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे
जानकारों का कहना है कि गाजियाबाद से जेवर तक नमो भारत ट्रेन चलने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। गाजियाबाद से युवा नौकरी करने आसानी से जा सकेंगे। गाजियाबाद के अलावा आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा। बता दें कि दिल्ली से मेरठ तक 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर है। अभी मेरठ साउथ तक नमो भारत ट्रेन का परिचालन किया जा रहा।
साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण तक चल रही
गाजियाबाद में नमो भारत ट्रेन मुख्य रूप से साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण के बीच चल रही है, जिसमें गाजियाबाद स्टेशन भी शामिल हैं। इसका लक्ष्य दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ तक कनेक्टिविटी प्रदान करना है, जिससे गाजियाबाद से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा आसान हो जाएगी।



