
दो महीने से मेरी कॉलेज फीस नहीं भरी गई; HC से बोली करिश्मा की बेटी, अदालत ने कहा- मेलोड्रामा नहीं चाहिए
संक्षेप: उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर से उनकी संपत्तियों की सूची अदालत को सौंपने को कहा था। इस बीच, प्रिया कपूर ने अदालत को बताया है कि अभिनेत्री के बच्चों को पारिवारिक ट्रस्ट से पहले ही 1,900 करोड़ रुपए मिल चुके हैं।
फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर की बेटी समायरा ने शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में दावा किया कि दो महीने से अमेरिका स्थित उसके विश्वविद्यालय की फीस जमा नहीं की गई है। जिसकी जिम्मेदारी उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर पर है। समायरा ने यह दावा जस्टिस ज्योति सिंह की अदालत के सामने किया गया, जिसके बाद कोर्ट ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि सुनवाई में मेलोड्रामा (नाटक) हो, इसलिए उन्होंने दिवंगत संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर के वकील से कहा कि वे सुनिश्चित करें कि इस तरह के मुद्दों पर ध्यान दिया जाए और उन्हें फिर से अदालत में न लाया जाए। हालांकि प्रिया के वकील ने समायरा के दावे को झूठा बताया और कहा कि फीस पहले ही भरी जा चुकी है और इस केस का मकसद सिर्फ मीडिया में मुद्दे को हाईलाइट करवाना है।

पिता पर थी बच्चों का खर्च उठाने की जिम्मेदारी
अदालत करिश्मा कपूर के बच्चों यानी समायरा कपूर और उनके भाई की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उनके दिवंगत पिता संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपए की संपत्ति की वसीयत को चुनौती दी गई है। सुनवाई के दौरान, अभिनेत्री के बच्चों का पक्ष रख रहे वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि समायरा एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में पढ़ रही हैं और उसकी फीस दो महीने से नहीं दी गई है, जबकि वैवाहिक आदेश के अनुसार संजय कपूर को दोनों बच्चों की पढ़ाई और खर्च का भुगतान करना था।
जेठमलानी ने कहा, 'बच्चों की संपत्ति प्रतिवादी संख्या 1 (प्रिया कपूर) के पास है। इसलिए दोनों बच्चे आर्थिक रूप से उन पर निर्भर हैं और इसके बावजूद अमेरिका में पढ़ रही उनकी बेटी की दो महीने की फीस का भुगतान नहीं किया गया है।'
प्रिया के वकील ने आरोपों को नकारा
हालांकि, प्रिया कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने एक्ट्रेस की बेटी के इस दावे को मनगढ़ंत और निराधार बताया, साथ ही कहा कि प्रिया ने बच्चों की जरूरतों का लगातार ध्यान रखा है और फीस का भुगतान पहले ही कर दिया था। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अदालत में इस मुद्दे को उठाने का उद्देश्य मीडिया में इसकी रिपोर्टिंग करवाना था।
प्रिया कपूर को बताया 'सिंड्रेला सौतेली मां'
अदालत करिश्मा कपूर के बच्चों द्वारा संजय कपूर की संपत्ति को प्रिया कपूर को हस्तांतरित करने से रोकने के लिए दायर एक अंतरिम निषेधाज्ञा आवेदन पर सुनवाई कर रही थी। अदालत ने इस अंतरिम आवेदन पर आगे की बहस के लिए इसे अगले सप्ताह सूचीबद्ध किया है। बच्चों ने संजय कपूर की कथित वसीयत की प्रामाणिकता पर सवाल उठाया है। अदालत में उन्होंने प्रिया कपूर पर लालची होने का आरोप लगाया और साथ ही उन्हें 'सिंड्रेला सौतेली मां' कहा। बता दें कि परीकथा सिंड्रेला में एक लड़की के साथ उसकी सौतेली मां दुर्व्यवहार करती है, और उसका सारा ध्यान अपनी दो सगी बेटियों पर केंद्रित रहता है।
इससे पहले, उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर से उनकी संपत्तियों की सूची अदालत को सौंपने को कहा था। इस बीच, प्रिया कपूर ने अदालत को बताया है कि अभिनेत्री के बच्चों को पारिवारिक ट्रस्ट से पहले ही 1,900 करोड़ रुपए मिल चुके हैं।





