
दिल्ली में हत्या! जमानत पर बाहर आए डबल मर्डर के आरोपी को चाकुओं से गोद डाला
संक्षेप: दिल्ली में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के महेंद्रा पार्क इलाके में जमानत पर बाहर आए डबल मर्डर के आरोपी को तीन नाबालिग लड़कों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
दिल्ली में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के महेंद्रा पार्क इलाके में जमानत पर बाहर आए डबल मर्डर के आरोपी को तीन नाबालिग लड़कों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। तीनों नाबालिगों में एक हमलावर का भाई डबल मर्डर में मारा गया था। उसी का बदला लेने के लिए जमानत पर बाहर आने के बाद हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पुलिस ने जांच की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 7 नवंबर की देर रात को यह घटना घटी थी। चाकुओं से गोदने के बाद 51 साल के राकेश कुमार उर्फ सोनू को लेकर एक शख्स जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने बताया कि जब राकेश कुमार को अस्पताल लाया गया तब तक उसकी मौत हो गई थी।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। पुलिस टीम ने पाया कि रात करीब 1 बजे वहां से भागते हुए दिखाई दिए। जांच के बाद पता चला कि हत्या करके भाग रहे तीनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या का मकसद बदला लेना था। हमले में शामिल एक आरोपी नाबालिग है और मृतक ने ही उसके भाई की हत्या की थी, जिसका बदला लेने के लिए चाकुओं से गोदकर मार डाला।
पुलिस ने बताया कि मृतक राकेश कुमार डबल मर्डर का आरोपी था। डबल मर्डर का मामला भी महेंद्रा पार्क थाने में ही दर्ज है। राकेश को बीते साल 19 अक्टूबर को जमानत मिली थी और इस मामले का मुकदमा एएसजे कोर्ट में चल रहा है। पुलिस ने हत्या करने वाले तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कहीं किसी वयस्क आदमी का भी हाथ तो नहीं है।





