
‘अप्पू घर’ को कर दिया गया सील, गुरुग्राम नगर निगम ने इस वजह से की कार्रवाई
अधिकारी ने कहा, 'संपत्ति कर से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में विकास परियोजनाओं, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किया जाता है। ऐसे में बकाया कर वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा।'
करोड़ों रुपए का संपत्ति कर बकाया होने के चलते गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने मंगलवार को शहर के सेक्टर 29 स्थित अप्पू घर एम्युजमेंट पार्क को सील कर दिया। यह पार्क किसी जमाने में बच्चों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक हुआ करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पार्क पर 7.43 करोड़ रुपए से ज्यादा का संपत्ति कर बकाया है, और बार-बार नोटिस देने के बाद भी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा था। जिसके चलते MCG ने आखिरकार इसे सील कर दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्क का संचालन इंटरनेशनल रिक्रिएशन एंड एम्यूजमेंट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा था, और इससे पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने इसे साल 2022 में सील किया था।

सीलिंग की कार्रवाई को क्षेत्रीय कराधान अधिकारी (जोनल टेक्सेशन ऑफिसर) बीएस चोक्कर के नेतृत्व में एक टीम ने अंजाम दिया गया, जिन्होंने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की। उधर MCG आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निगम पूरे शहर में टैक्स अनुशासन लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, 'बार-बार नोटिस देने के बावजूद जब कर बकाया का भुगतान नहीं किया गया, तो MCG को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।' साथ ही उन्होंने कहा कि 'अन्य चूककर्ता संपत्तियों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।'
दहिया ने कहा, 'संपत्ति कर से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में विकास परियोजनाओं, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किया जाता है। ऐसे में बकाया कर वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शहर में विकास कार्य बाधित न हों।' इस दौरान उन्होंने सभी करदाताओं से समय पर अपना संपत्ति कर जमा करने और शहर के विकास में योगदान देने की अपील भी की।





