
'मम्मी से बनवाऊंगा' ; बंगाल से महीनों बाद दिल्ली लौट रहे मेडिकल छात्र की फूड लिस्ट ने जीता लोगों का दिल
मेडिकल स्टूडेंट की जिस बात ने लोगों का दिल जीत लिया, वो है ‘मम्मी से बनवाऊंगा’ वाला सेक्शन। इसमें घर पर बनी उन सभी डिशेज की लिस्ट है जो वह अपनी मां से बनवाना चाहता है। जानें इसमें आलू पराठा से लेकर लौकी की सब्जी तक क्या-क्या शामिल है।
मां के हाथ का खाना हम सबको अच्छा लगता है, लेकिन घर से दूर रहने पर लोग मां के हाथ के ममताभरे स्वादिष्ट खाने को हमेशा याद करते हैं। पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे एक स्टूडेंट ने लंबे समय बाद दिल्ली में अपने घर लौटने को लेकर सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाली पोस्ट शेयर की है। इसके साथ उसने अपनी पसंदीदा डिशेज की लिस्ट भी डाली है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है।

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टूडेंट ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर एक पोस्ट में लिखा, “मैं अभी मेडिकल की पढ़ाई के लिए शांतिनिकेतन में हूं और मैं अपने घर दिल्ली जा रहा हूं। मैं बहुत एक्साइटेड हूं क्योंकि आखिरकार वहां मुझे अपना मनपसंद खाना खाने को मिलेगा।”
फूड लिस्ट में क्या-क्या शामिल
उसने उन सभी खाने की चीजों की एक मजेदार और मुंह में पानी ला देने वाली लिस्ट भी बनाई है, जो वह घर आने के बाद खाने वाला है। इस लिस्ट के पहले हिस्से में 'बाहर का खाना' कैटेगरी में स्थानीय पसंदीदा चीजें शामिल थीं, जिसमें खुशी के मोमोज, चंदन की चाट, स्कूल के बाहर वाला फालूदा, 6 इन वन पिज्जा, टका टक, टेढ़ी आंखों वाले का बर्गर, फिंगर्स, गंदी (टेस्टलेस) आइसक्रीम और समोसा शामिल हैं।

‘मम्मी से बनवाऊंगा’ लिस्ट ने जीता लोगों का दिल
वहीं, इस लिस्ट के दूसरे हिस्से में ‘मम्मी से बनवाऊंगा’ वाले सेक्शन ने रेडिट यूजर्स का दिल ही जीत लिया। इस हिस्से में घर पर बनी उन सभी डिशेज की लिस्ट है जो वह अपनी मां से बनवाना चाहता है। इसमें आलू पराठा से लेकर लौकी की सब्जी, काली दाल, जलजीरा और खीर पूरी शामिल हैं। उसने आगे कहा, ''आखिरकार, घी वाली रोटी! इसे खाए हुए बहुत वक्त हो गया है।''
कई यूजर्स को यह पोस्ट बहुत पसंद आई खासकर उन लोगों को जो पढ़ाई या काम के सिलसिले में घर से दूर रहते हैं। लोगों ने कमेंट्स में अपने कम्फर्ट फूड्स की लिस्ट और घर के बने खाने की क्रेविंग की कहानियां शेयर कीं हैं।
क्या बोले यूजर्स
कई रेडिट यूजर्स ने इस पोस्ट पर कमेंट्स में खूब प्यार दिखाया। कई लोगों ने कहा कि इस पोस्ट ने उन्हें घर से दूर पढ़ाई करते समय अपनी क्रेविंग्स याद दिला दी।
एक यूज़र ने कमेंट किया, “हाहाहा, मैंने भी इस महीने जब यूके से लौटा तो ऐसा ही किया था।”
दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “मैं कॉलेज के दिनों में ऐसा ही करता था, जब अपने होमटाउन जाता था। 1 हफ्ते में सब कुछ खाने का मन करता था।”
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया से यूजर-जेनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। HT.com ने दावों को स्वतंत्र रूप से वेरिफाई नहीं किया है और न ही उनका समर्थन करता है।)





