MP के सतना में बंद कमरे में मिले युवक-युवती के शव; सरकारी स्कूल टीचर थी मृतका

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, सतना
Follow us on Google News
share

सतना शहर एक कॉलोनी में एक बंद किराये के कमरे से युवक-युवती के शव मिले हैं। 29 वर्षीय मृतका एक सरकारी स्कूल में टीचर थी। वहीं, मृतक युवक सतना के सितपुरा स्थित रिलायंस सीएनजी प्लांट में कार्यरत था।

MP के सतना में बंद कमरे में मिले युवक-युवती के शव; सरकारी स्कूल टीचर थी मृतका

मध्य प्रदेश के सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर की अशोक विहार कॉलोनी में एक बंद किराये के कमरे से पुलिस ने युवक-युवती के शव बरामद किए हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की शिनाख्त अनूपपुर निवासी 29 वर्षीय पूनम अहिरवार के रूप में हुई है, जो देवलोंद (बाणसागर) के सरकारी स्कूल में वर्ग-एक की टीचर थी। वहीं, मृतक युवक की पहचान रीवा निवासी अंबिकेश गौतम (30 वर्ष) के रूप में की गई है, जो सतना के सितपुरा स्थित रिलायंस सीएनजी प्लांट में कार्यरत था।

वारदात के हालात को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि अंबिकेश ने पहले किसी धारदार हथियार से पूनम की बेरहमी से हत्या की और फिर उसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। कमरे के भीतर पूनम का शव जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। हालांकि, पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जिस हथियार से पूनम पर वार किया गया, वह कमरे के भीतर कहीं नहीं मिला है। सीएसपी डीपी सिंह चौहान और फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. महेंद्र सिंह की टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक के भाई ने किराये पर लिया था कमरा

यह कमरा मृतक अंबिकेश के छोटे भाई अंकितेश ने किराये पर लिया था, जो पिछले 3 साल से यहां इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। दो महीने पहले नौकरी लगने के बाद अंबिकेश भी उसके साथ शिफ्ट हो गया था। शुक्रवार की शाम जब अंकितेश वापस लौटा तो कमरे पर ताला लगा था। रात 8 बजे तक जब भाई का फोन नहीं उठा और ताला नहीं खुला, तो अंकितेश ने किसी अनहोनी की आशंका में ताला तोड़ दिया। अंदर कदम रखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तुरंत मकान मालिक और कोलगवां पुलिस को सूचित किया।

खिड़की की ग्रिल भी गायब

पड़ोस में रहने वाले एक बैंक कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे उसने अंबिकेश को एक युवती (पूनम) के साथ कमरे में जाते देखा था। उसके बाद से कमरा अंदर से बंद था। वहीं मकान मालिक ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी कि कमरे की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी है, जिससे वहां से किसी की भी आवाजाही संभव है।

सतना क्यों आई थी युवती

इस पूरी वारदात में पुलिस के लिए सबसे रहस्यमयी कड़ी मृतका के पास से मिला रेल टिकट है। पूनम के पास से अनूपपुर से इंदौर का कन्फर्म रेल टिकट मिला है। अब जांच इस एंगल पर घूम गई है कि यदि पूनम को इंदौर जाना था, तो वह अनूपपुर से रास्ता बदलकर सतना क्यों आईं? दोनों के बीच क्या संबंध था और उनकी मुलाकात कैसे हुई?

मोबाइल फोन जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से दोनों के वॉट्सएप चैट, कॉल डिटेल (CDR) और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि मोबाइलों से मिलने वाले डिजिटल सबूत ही इस दोहरी मौत के पीछे छिपे असली सच को सामने लाएंगे। फिलहाल पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

रिपोर्ट - जयदेव विश्वकर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।