
ग्रेटर नोएडा में 13वें फ्लोर के फ्लैट की बालकनी से नीचे गिरे मां-बेटा, दोनों की मौके पर ही मौत
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाली महिला और उसका 12 वर्षीय बेटा आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 13वीं मंजिल से नीचे गिर गए। इस घटना में मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाली महिला और उसका 12 वर्षीय बेटा आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 13वीं मंजिल से नीचे गिर गए। इस घटना में मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बिसरख थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बिसरख थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिसरख क्षेत्र में स्थित ऐस सिटी सोसाइटी के एक टावर में 13वें फ्लोर पर रहने वाले दर्पण चावला का 12 वर्षीय बेटा दक्ष मानसिक रूप से अस्वस्थ था। आज सुबह वह अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे की तरफ कूदने के लिए तेजी से भागा। यह देख उसकी मां 38 वर्षीय साक्षी चावला भी उसे बचाने के लिए पीछे भागी। इसी बीच, दक्ष ने अचानक नीचे छलांग लगा दी। बेटे को बचाने की कोशिश में उसके पीछे भागी मां भी 13वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में मां-बेटे दोनों की मौत हो गई है। घटना के समय दर्पण चावला अपने घर के दूसरे कमरे में थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस घटना के चलते सोसाइटी में दहशत का माहौल है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे। कुछ लोगों का कहना है कि सोसाइटी की फ्लैट के बालकनी की ग्रील की हाइट काफी कम है, जिसकी वजह से दोनों मां- बेटे नीचे गिर गए।





