पश्चिम राजस्थान से मॉनसून की वापसी शुरू; दिल्ली-NCR पर क्या अपडेट, कितना रहेगा तापमान?
देश में मॉनसून की वापसी पश्चिमी राजस्थान से शुरू हो चुकी है। आगे भी इसकी वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि दिल्ली में इस महीने सामान्य से 23 फीसदी कम बारिश हुई है।

संजय कुशवाहा, नई दिल्ली
पूरे देश को भिगोने के बाद अब मॉनसून की वापसी की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून वापस हो चला है। इसके बाद धीरे-धीरे दिल्ली-एनसीआर से भी मॉनसून की विदाई के भी आसार हैं। दिल्ली में मॉनसून वापसी की आधिकारिक डेट 25 सितंबर को मानी जाती है। माना जा रहा है कि राजस्थान से वापसी के बाद धीरे-धीरे दिल्ली से भी मॉनसून वापस होना शुरू होगा। सितंबर महीने के हिसाब से देखें को अभी दिल्ली में सामान्य से 23 फीसदी कम बारिश हुई है।
पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मॉनसून की वापसी
मौसम विभाग के अनुसार, अब मौसमी परिस्थितियां मॉनसून की वापसी के लिए पूरी तरह से अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून की विदायी हो चली है। बारिश की गतिविधियों में आने वाली कमी, हवा की दिशा में बदलाव और वातावरण में मौजूद नमी के स्तर में आने वाली कमी को आमतौर पर मॉनसून की विदाई के संकेत माने जाते हैं। पश्चिमी राजस्थान में इस तरह के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं।
दिल्ली में सामान्य से कम बारिश
हालांकि, सितंबर महीने के हिसाब से देखें तो दिल्ली में अभी सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि सितंबर महीने में अब तक कुल मिलाकर 97.5 मिमी बारिश हो जानी चाहिए जबकि,अभी तक 74.7 मिमी बारिश ही हुई है। यानी सितंबर की बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से 23 फीसदी कम है। हालांकि, इस बार जुलाई और अगस्त के महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत
हवा की दिशा में बदलाव से दिल्ली के लोगों को उमस भरी गर्मी से खासी राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब दिल्ली में मुख्य तौर पर उत्तरी पश्चिमी हवा आएगी। अभी तक दिल्ली में मुख्य तौर पर पूर्वी हवा आ रही थी जो अपने साथ बंगाल की खाड़ी से नमी ला रही थी। इसी के चलते बारिश का मौसम बना हुआ था और लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ता था। लेकिन, उत्तरी पश्चिमी हवा सूखी होती है और इससे दिल्ली के वातावरण में मौजूद नमी के स्तर में कमी आएगी।
मध्यम श्रेणी में दिल्ली की हवा
वहीं, मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शनिवार को सुबह नौ बजे एक्यूआई 102 अंक दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में माना जाता है। अगले 2 दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर सुरक्षित दायरे में ही रहने की संभावना है।
तेज धूप के चलते अभी ऊपर ही रहेगा तापमान
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन के औसत से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में अभी तेजी से तापमान में गिरावट होने के आसार नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस हफ्ते दिल्ली में अधिकतम तापमान आमतौर पर 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। दिन भर तेज धूप के साथ ही बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। दिल्ली में इस हफ्ते बारिश होने की संभावना नहीं है।

