मिशन 2027 : BJP शीर्ष नेतृत्व ने पश्चिमी UP में डाला डेरा, कार्यकर्ताओं-युवाओं की टटोलेंगे नब्ज

हिन्दुस्तान, नोएडा
share

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव कमर कस ली है। प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी नेतृत्व ने 2 दिन के लिए पश्चिमी क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं और युवाओं से बात कर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। 

BJP National President Nitin Nabin meeting Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम क्षेत्र में भाजपा का मिशन-2027 रफ्तार पकड़ चुका है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही कार्यकर्ताओं और युवाओं को साधने के उद्देश्य से पश्चिम में डेरा डाले हुए है।

पश्चिम में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के 3 दिवसीय दौरे की शुरुआत रविवार को गौतमबुद्धनगर से हो चुकी है। ग्रेटर नोएडा के जीबीयू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में शुरू होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की। इस ट्रेड शो के उद्घाटन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्रेटर नोएडा आएंगे।

21 सितंबर को मेरठ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मेरठ पहुंचेंगे। इनका रात्रि प्रवास भी मेरठ में ही रहेगा। यहां एक ही दिन में 4 बैठकें होंगी। अगले दिन 22 सितंबर को सहारनपुर में भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दौरा है। वहां पर भी दो कार्यक्रम होंगे। सुभारती यूनिवर्सिटी के मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र के 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करेंगे। यहां पर आयोजित कार्यक्रम में वह दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। एआई, जेनजी, शिक्षा, महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर यह संवाद होगा। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होंगी। नितिन नवीन अगले दिन 22 सितंबर को सहारनपुर में शाकुम्भरी देवी के दर्शन भी करेंगे। यहां पर भी दो बैठकें आयोजित की गई हैं। इनमें भी मुख्यमंत्री के साथ रहने की बात पार्टी के नेता कर रहे हैं।

यह है भाजपा का पश्चिम क्षेत्र

भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांटा है। पश्चिम क्षेत्र में मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के 14 जिले शामिल हैं। इनमें सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, संभल और रामपुर आते हैं। इन जिलों में 71 विधानसभा सीटें और 14 लोकसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां पर 40 सीटें जीती थीं। सपा-रालोद गठबंधन 31 सीटों पर जीता था। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सात सीटें जीती थीं और सात सीटों पर विपक्ष जीता था।

पश्चिम क्षेत्र इसलिए महत्वपूर्ण

जिन जिलों में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक रखी गई है। उनमें मेरठ की सात विधानसभा सीटों में से तीन पर ही भाजपा जीत सकी थी। सहारनपुर की सात सीटों में से पांच पर भाजपा जीती थी और दो सपा ने सीटें जीती थीं। शामली जिले में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी थी और मुजफ्फरनगर में भी छह में से दो सीटें ही जीत पाई थीं। लोकसभा चुनाव में भी सहारनपुर सीट पर कांग्रेस, कैराना और मुजफ्फनगर सीट पर सपा जबकि मेरठ में भाजपा ने जीत हासिल की थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsमिशन 2027: BJP शीर्ष नेतृत्व ने पश्चिमी UP में डाला डेरा, जानें 2 दिन का प्लान