दिल्ली को जाम फ्री बनाने को MHA ने कसी कमर, गृह सचिव की अध्यक्षता में बनाई हाईपावर कमेटी

Feb 21, 2026 06:01 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, अमित झा
share

राजधानी दिल्ली में जाम की स्थिति को लेकर न केवल ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली सरकार, बल्कि केन्द्र सरकार भी चिंतित है। यही वजह है कि जाम कम करने के लिए गृह सचिव की अध्यक्षता में हाईपावर कमेटी का गठन किया गया है।

दिल्ली को जाम फ्री बनाने को MHA ने कसी कमर, गृह सचिव की अध्यक्षता में बनाई हाईपावर कमेटी

राजधानी दिल्ली में सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में इस समस्या का समाधान करने के लिए केंद्र सरकार ने गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक हाईपावर कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में विभिन्न विभागों के प्रमुख सदस्य शामिल होंगे और वह जाम से राहत दिलाने के लिए सुझाव देने के साथ योजना को लागू करेंगे।

जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली सरकार के साथ केन्द्र भी चिंतित

दिल्ली में प्रतिदिन लाखों लोगों को सड़कों पर लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। दिल्ली सरकार द्वारा सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़कों से गाड़ियों की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है। जाम की स्थिति को लेकर न केवल ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली सरकार, बल्कि केन्द्र सरकार भी चिंतित है। यही वजह है कि जाम कम करने के लिए गृह सचिव की अध्यक्षता में हाईपावर कमेटी का गठन किया गया है।

गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि सितंबर 2018 में तत्कालीन गृह सचिव की अध्यक्षता में हाईपावर कमेटी का गठन किया गया था, जिसे दिल्ली में जाम कम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बार फिर कमेटी का गठन किया जा रहा है, जिसकी पहली बैठक 26 फरवरी को गृह मंत्रालय में आयोजित होगी।

इन विषयों पर होगा काम

● यातायात में गतिशीलता लाने के लिए सड़क की डिजाइन को बेहतर करना

● सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाना

● यातायात का मल्टी मॉडल एकीकरण करना

● पार्किंग व्यवस्था में सुधार, ऑनलाइन पेमेंट आदि

दिल्ली सरकार भी जाम खत्म करने के लिए कर रही कई प्रयास

गौरतल है कि ट्रैफिक जाम राजधानी की पुरानी समस्याओं में से एक है। इसे दूर करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा भी कई तरह के काम किए जा रहे हैं। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग से लेकर राजधानी के संकरे रास्तों पर ‘देवी’ बसें चलाने और डीटीसी बसों का बेड़ा बढ़ाने, मेट्रो का नेटवर्क बढ़ाने जैसे कई कदम शामिल हैं। इसके साथ ही दिल्ली सरकार भी हर जगह पार्किंग सुव्यवस्थित करने के लिए काम कर रही है ताकि ट्रैफिक जाम कम हो और सड़कों पर गाड़ियां सुचारु रूप से चल सकें।

बता दें कि, सड़कें चौड़ी करने, फ्लाईओवर बनाने, एक्सप्रेसवे बनाने जैसे कदमों के बाद भी जाम में कमी नहीं आई है। जाम से केवल लोगों का समय और ईंधन बर्बाद होता है, बल्कि प्रदूषण भी बढ़ता है, जो नई समस्या पैदा करता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।