काम की बात: फरीदाबाद में मेवला महाराजपुर स्वास्थ्य केंद्र बनेगा 50 बेड का अस्पताल, ऑपरेशन संग कई तरह के टेस्ट की सुविधा
फरीदाबाद में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। मेवला महाराजपुर स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। इसमें मरीजों को कई तरह के टेस्ट के साथ ही ऑपरेशन की भी सुविधा मिलेगी। इससे बीके अस्पताल का बोझ भी कुछ हद तक कम होगा।

अभिषेक शर्मा, फरीदाबाद
फरीदाबाद सेक्टर-45 स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर को 50 बेड का सब डिवीजनल अस्पताल बनाने की मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने गुरुवार को शहरी स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान इसे अपग्रेड कर सब डिविजनल अस्पताल बनाने की घोषणा की।
स्वास्थ्य केंद्र के अपग्रेड होने के बाद यहां पर घुटना, कूल्हा सहित कई तरह के ऑपरेशन हो सकेंगे। इससे बीके अस्पताल का बोझ कम होगा। बता दें कि 200 बेड वाले बीके अस्पताल में मरीजों की अधिकता की वजह से उन्हें ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा ओपीडी परिसर में डॉक्टरों के कमरों के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रहती है। ओपीडी में करीब 45 मिनट से एक घंटा इंतजार करने के बाद मरीजों का नंबर आता है। ब्लड सहित तमाम तरह की स्वास्थ्य जांच के लिए लोगाें को कतार में लगना पड़ता है। प्रदेश सरकार ने मरीजों की परेशानी कम करने के लिए शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर में एक सब डिवीजनल अस्पताल शुरू करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य केंद्र की राष्ट्रीय राजमार्ग से डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी है।
अभी यह सुविधाएं मिलती हैं
फिलहाल शहरी स्वास्थ्य केंद्र में बाह्य रोगी विभाग, भर्ती की सुविधा, सर्जरी, हड्डी संबंधी सर्जरी, दंत चिकित्सा और चौबीस घंटे प्रसव जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं।
जल्द ही स्टाफ की नियुक्ति होगी
स्वास्थ्य विभाग से मिली के अनुसार शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर में बनने वाले सब डिवीजनल अस्पताल में डॉक्टर सहित कुल 45 स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्त किया जाएगा। इसमें 11 डॉक्टर होंगे, जबकि 17 स्टाफ नर्स, दो वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी और अन्य स्टाफ शामिल रहेगा। बता दें कि पहले सब डिवीजनल अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ीकलां में बनना था, लेकिन सरकारी मानकों पर खरा नहीं उतरने की वजह से मेवला महाराजपुर में बनाने का फैसला लिया गया।
अपग्रेड होने के बाद कई सुविधाएं मिलेंगी
स्वास्थ्य केंद्र से सब डिवीजनल अस्पताल बनने के बाद यहां पर एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, ब्लड संबंधी कई प्रकार की जांचें, मरीजों को भर्ती करने के लिए वॉर्ड, कूल्हा एवं घुटना प्रत्यारोपण, आंख सहित कई तरह के ऑपरेशन की सुविधा रहेगी। बता दें कि जिले में मेवला महाराजपुर और खेड़ीकलां स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में ही ऑपरेशन से डिलीवरी होती है।
डॉ. मीनाक्षी तंवर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर, ''सरकार की तरफ से सब डिवीजनल अस्पताल शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। स्टाफ नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। संभवतया सितंबर के अंत तक स्टाफ उपलब्ध करा दिया जाए। प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं मरीजों को उपलब्ध कराई जाएं।''

