काम की बात: दीपाली चौक से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक चलेगी मेट्रो, कब तक शुरू होने की उम्मीद
दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर है। डीएमआरसी ने दीपाली चौक से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक मेट्रो चलाने की तैयारी तेज कर दी है। इसके दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर फेज चार में निर्माणाधीन 29.262 किलोमीटर लंबी जनकपुरी पश्चिम आरके-आश्रम मेट्रो लाइन का हिस्सा है।

डीएमआरसी ने दीपाली चौक से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक मेट्रो चलाने की तैयारी तेज कर दी है। दिसंबर के अंत में इसका परिचालन शुरू हो सकता है। डीएमआरसी ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है। फेज चार में निर्माणाधीन मजेंटा लाइन एक्सटेंशन (जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम) पर कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर का ढांचा तैयार हो चुका है। स्टेशनों का निर्माण भी अंतिम चरण में है। स्टेशनों पर प्लेटफार्म स्क्रीन डोर, लिफ्ट, एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं।
कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच का यह कॉरिडोर फेज चार में निर्माणाधीन 29.262 किलोमीटर लंबी जनकपुरी पश्चिम आरके-आश्रम मेट्रो लाइन का हिस्सा है। इस कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन होंगे। यह कॉरिडोर मजेंटा लाइन की विस्तार परियोजना है। इस कॉरिडोर पर जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच 1.81 किलोमीटर के भूमिगत कॉरिडोर पर पिछले वर्ष पांच जनवरी को मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ था।
कड़कड़ी मोड़-यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा सिग्नल फ्री
पूर्वी दिल्ली में कड़कड़ी मोड़ से यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक यातायात को सुगम बनाने के लिए भारतेंदु हरीशचंद्र मार्ग को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। इस पर दो सिग्नल बंद किए जाएंगे। छह स्थानों पर यू-टर्न बनाए जाएंगे, जिनसे ट्रैफिक का संचालन किया जाएगा।
जाम खत्म होने से डीडीए के कड़कड़डूमा टीओडी परियोजना तक पहुंच आसान होगी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष के अंत तक काम किया जाएगा। भारतेंदु हरीशचंद्र मार्ग कड़कड़ी मोड़ से शुरू होकर हरगोबिंद एन्क्लेव, दयानंद विहार, कड़कड़डूमा गांव, जागृति एक्लेव, आनंद विहार होते हुए राम विहार के पास मास्टर सोमनाथ मार्ग से जुड़ा है। यह मार्ग 2.209 किलोमीटर का है।
इस मार्ग पर दयानंद विहार विहार और कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास दो ट्रैफिक सिग्नल हैं। आईटीओ, लक्ष्मी नगर की ओर से विकास मार्ग के रास्ते आने वाले लोग भारतेंदु हरीशचंद्र मार्ग से ही यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार, विवेक विहार, योजना विहार, सविता विहार और श्रेष्ठ विहार जाते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव रहता है।


