काम की बात: गुरुग्राम में सेक्टर-56 से पचगांव तक दौड़ेगी मेट्रो, नमो भारत रूट से भी जुड़ेगी; 28 स्टेशन बनेंगे
गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-56 से पचगांव तक मेट्रो चलाने की तैयारी तेज हो गई है। 35.25 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 28 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे। खेड़की दोला और पचगांव में यह मेट्रो दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन मार्ग से जुड़ेगी।

गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। जल्द ही डीपीआर को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। अगले सप्ताह हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में इस मेट्रो मार्ग को लेकर बैठक होगी। इस बैठक में एचएमआरटीसी, एचएसआईआईडीसी, जीएमडीए, नगर निगम, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, एचएसवीपी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
राइट्स की ड्रॉफ्ट डीपीआर के मुताबिक 35.25 किमी लंबे इस मेट्रो मार्ग के निर्माण पर करीब 10 हजार 410 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें 28 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे। इनमें पहला स्टेशन सेक्टर-56 में बनाया जाएगा, जोकि रैपिड मेट्रो से जुड़ेगा। इस तरह सेक्टर-61, 62, निर्वाणा कंट्री, सेक्टर-66, वाटिका चौक, सेक्टर-69, 70, 75, खेड़की दौला, ग्लोबल सिटी, सेक्टर-36ए, सेक्टर-88, 84, सेक्टर-85-89 चौक, सेक्टर-86-90 चौक, सेक्टर-91, गांव कांकरौला, सेक्टर-एम15, सेक्टर-एम6-7, सेक्टर-एम-चार, सेक्टर-एम-आठ, सेक्टर-एम8 (तीन-ए), मानेसर, सेक्टर-पी4, सेक्टर-पी5, सेक्टर-पी-7 और पचगांव में स्टेशन बनेंगे। खेड़की दोला और पचगांव में यह मेट्रो दिल्ली के सराय काले खां से लेकर गुरुग्राम और रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन मार्ग से जुड़ेगी। इन दोनों जगहों पर इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होगा।
गुरुग्राम से फरीदाबाद, नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन मार्ग से इस मेट्रो को सेक्टर-61 के समीप जोड़ा जाएगा। सेक्टर-61 में इंटरचेंज स्टेशन बनेगा। मानेसर में हरियाणा आर्बिटल रेल कॉरीडोर से जुड़ने की वजह से यहां भी इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। वाटिका चौक पर भी इंटरचेंज स्टेशन बनेगा। भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन से यह मेट्रो वाटिका चौक के समीप जुड़ेगी।
चार स्थानों पर पार्किंग बनेगी
एचएमआरटीसी के एक अधिकारी के मुताबिक इस मेट्रो मार्ग के तहत सेक्टर-56 में दो हजार वर्ग मीटर, निर्वाणा कंट्री में एक हजार वर्ग मीटर, वाटिका चौक पर दो हजार वर्ग मीटर और सेक्टर-91 में एक हजार वर्ग मीटर में वाहनों की पार्किंग का इंतजाम किया जाएगा। प्रयास किए जाएंगे कि इन्हें मल्टीलेवल पार्किंग बनाया जाए, जिससे अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे।
मकान-दुकान से अड़चन
सर्वे के मुताबिक इस मेट्रो मार्ग के निर्माण के लिए अधिकांश सरकारी जमीन की जरूरत होगी, लेकिन 208 स्थायी और अस्थायी निर्माण को हटाने की जरूरत होगी। इसमें 53 पक्के मकान और दुकान हैं। 140 कच्चे मकान और दुकान हैं। 14 सरकारी इमारत हैं। एक धार्मिक स्थल को मेट्रो निर्माण के लिए हटाने की जरूरत पड़ेगी।


