
लेट हुआ तो कैब वाले ने दी 'मर्डर की धमकी'! डर गया इंजीनियर; फिर आया मजेदार ट्विस्ट
दिल्ली में मेटा इंजीनियर अर्णव गुप्ता को उबर ड्राइवर के मैसेज का गूगल ट्रांसलेशन 'कत्ल की धमकी' बनकर मिला, जिससे वह घबरा गए, लेकिन 'मदर डेयरी के सामने' लिखी असली हिंदी पता चलने पर उनकी घबराहट दूर हो गई।
क्या आपने कभी सोचा है कि एक छोटी-सी चूक आपकी जान हलक में ला सकती है? दिल्ली में एक मेटा इंजीनियर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब उनके कैब ड्राइवर के एक मैसेज ने कुछ देर के लिए उनके होश उड़ा दिए। हालांकि थोड़ी देर में पूरा मामला पलट गया।

'कत्ल की धमकी' ने कर दिया इंजीनियर को बेचैन
मामला मेटा में कार्यरत अर्णव गुप्ता से जुड़ा है। अर्णव ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की, जो अब लोगों को खूब हंसा रही है। उन्होंने बताया कि जब वह कैब ड्राइवर को लेने के लिए घर से बाहर निकलने में केवल 2 मिनट लेट हुए, तभी उन्हें उबर ऐप से एक भयानक नोटिफिकेशन मिला।

अर्णव ने लिखा, 'मैं घर से निकल रहा था और मैंने उबर ड्राइवर को 2 मिनट इंतजार करवाया। तभी अचानक मुझे उबर से एक नोटिफिकेशन मिला- 'I am facing the threat of murder (मुझे कत्ल की धमकी का सामना करना पड़ रहा है)।'"
मैसेज देखकर घबरा गया शख्स
अर्णव गुप्ता ने बताया कि मैसेज देखते ही उनको हिल गए। उन्होंने सोचा, "आखिर है तो दिल्ली। कुछ भी हो सकता है। क्या ड्राइवर मुझे इंतज़ार करवाने के लिए धमकी दे रहा है और उसने टाइपिंग में गलती कर दी? या कहीं रोड ब्लॉक करने के चलते कोई राहगीर उसे धमकी तो नहीं दे रहा?" तमाम तरह के सवाल उनके दिमाग में दौड़ने लगे।

जब सामने आई सच्चाई
जब अर्णव ने ज़्यादा दिमाग लड़ाना बंद किया, तो उन्हें याद आया कि यह गूगल ट्रांसलेशन द्वारा अनुवादित किया गया मैसेज हो सकता है। अर्णव ने जैसे ही 'असली मैसेज देखें' पर क्लिक किया, तो एक पल में उनकी सारी घबराहट दूर हो गई। असल में ड्राइवर ने हिंदी में लिखा था, "मैं मदर डेयरी के सामने हूं।"
जी हां, ड्राइवर केवल यह बताना चाह रहा था कि वह मदर डेयरी के ठीक सामने खड़ा है, लेकिन गूगल ट्रांसलेशन ने 'मदर डेयरी के सामने' को कुछ इस तरह अनुवाद किया कि 'कत्ल की धमकी' जैसा खतरनाक वाक्य बन गया। अर्णव ने चैन की सांस ली और लिखा, "मैंने इतने लम्बे समय में सबसे बड़ी राहत की सांस ली।"
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्ट
यह मजेदार पोस्ट अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग हंसते-हंसते लोट-पोट हो रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा, "मैं एक 5 मिनट की थ्रिलर कहानी पढ़ने के लिए तैयार था, लेकिन ये तो शुरू होते ही खत्म हो गया।" दूसरे ने लिखा, "क्या ज़बरदस्त प्लॉट ट्विस्ट है, मैंने इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं की थी।"





