मर्चेंट नेवी इंजीनियर केतन मेहता ईरान की जेल से रिहा, भारत में रहने वाले परिवार में लौटी खुशी

Mar 11, 2026 08:07 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

अमेरिका-ईरान के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच भारत के मर्चेंट नेवी इंजीनियर ईरान की जेल से रिहा होकर भारतीय दूतावास के संरक्षण में पहुंच गए हैं। गाजियाबाद में रहने वाले उनके परिजनों ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अब चिंता थोड़ी कम हुई है।  

मर्चेंट नेवी इंजीनियर केतन मेहता ईरान की जेल से रिहा, भारत में रहने वाले परिवार में लौटी खुशी

अमेरिका-ईरान के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच भारत के मर्चेंट नेवी इंजीनियर ईरान की जेल से रिहा होकर भारतीय दूतावास के संरक्षण में पहुंच गए हैं। गाजियाबाद में रहने वाले उनके परिजनों ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अब चिंता थोड़ी कम हुई है। बेटा लौट आए तो पूरी तरह से तसल्ली हो जाएगी।

डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले केतन मेहता दुबई की कंपनी में मर्चेंट नेवी इंजीनियर हैं। दिसंबर 2025 में उनका कॉन्ट्रैक्ट पूरा हो गया था और वह घर लौटने वाले थे। केतन के पिता मुकेश मेहता के मुताबिक, 8 दिसंबर 2025 को उनका जहाज एमटी वैलियंट रोअर को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने रोक लिया था। ईरान ने जहाज पर ईंधन तस्करी का आरोप लगाकर चालक दल को हिरासत में ले लिया था। जहाज पर कुल 18 सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय शामिल थे। बाद में चालक दल के 8 सदस्यों को रिहा कर दिया गया, जबकि केतन समेत आठ सदस्य ईरान की जेल में ही रखे गए थे।

भारतीय दूतावास के माध्यम से होता रहा संपर्क

केतन के पिता मुकेश मेहता के अनुसार, भारतीय दूतावास के माध्यम से उनसे समय-समय पर संपर्क होता रहा। दो दिन पहले ही पता चला कि केतन और उनके सात साथियों को जमानत मिल गई। सभी जेल से रिहा हो गए और उन्हें भारत की एंबेसी ने होटल में अपने संरक्षण में रुकवाया है। मुकेश के मुताबिक यह खबर मिलने से राहत मिली है।

हालात सामान्य हुए तो जगी लौटने की आस

वसुंधरा निवासी 27 वर्षीय नीतीश खांकरियाल नौ फरवरी 2026 को दुबई में नौकरी के लिए गए थे। युद्ध के बाद वह वहीं फंस गए थे। नीतीश के परिवार वाले उन्हें जल्दी घर वापस बुलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका भारत लौटने का टिकट 29 मार्च का है। वहीं, इंदिरापुरम निवासी मीरा शर्मा भी तीन महीने के विजिटिंग वीजा पर अपने बेटे मनीष कुमार और बहू शीलू के पास दुबई गई थीं। वह भी नहीं लौट पा रही हैं। दोनों के परिजनों का कहना है कि दुबई में अब हालात सामान्य होने के बारे में पता चला है। इससे दोनों के लौटने की उम्मीद जगी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।