
तेज रफ्तार और जिगजैग, दिल्ली मर्सिडीज कार हादसे को लेकर दर्ज FIR में क्या-क्या खुलासा
रविवार को वसंत कुंज में एम्बिएंस मॉल के पास एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार 3 लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। इस हादसे में एक आदमी की मौत हो गई। मामले में दर्ज एफआईआर से पता चलता है कि मर्सिडीज कार को तेज रफ्तार और टेढ़े-मेढ़े तरीके से चलाया जा रहा था।
रविवार को वसंत कुंज में एम्बिएंस मॉल के पास एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार 3 लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। इस हादसे में एक आदमी की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तराखंड के चमोली निवासी 23 साल के रोहित सिंह के रूप में हुई है। हादसे में उसके दो दोस्त भी घायल हुए हैं, जिनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, तीनों व्यक्ति एम्बिएंस मॉल के एक रेस्टोरेंट में काम करते थे। वे मुनिरका स्थित अपने किराए के मकान पर लौटने के लिए सड़क किनारे खंभे के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने कार चालक 29 साल के शिवम को गिरफ्तार कर लिया। वह नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर है। हाल ही में शादी के बंधन में बंधे शिवम ने अपने रिसेप्शन में शामिल होने के लिए एक दोस्त से कार उधार ली थी और हादसे के वक्त उसकी पत्नी और बड़ा भाई भी उसके साथ थे। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना में मर्सिडीज सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
एफआईआर में क्या खुलासा
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मामले में दर्ज एफआईआर से पता चलता है कि आरोपी के दोस्त अभिषेक के नाम पर रजिस्टर्ड मर्सिडीज कार को तेज रफ्तार और टेढ़े-मेढ़े तरीके से चलाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि कार ने तीनों लोगों को टक्कर मारने के बाद उन्हें कुछ दूर तक घसीटा भी।
घायलों में से एक द्वारा दर्ज कराए गए बयान के अनुसार, तीनों अपनी शिफ्ट खत्म करके मॉल के सामने बस स्टॉप पर पहुंचे ही थे कि वसंत कुंज की ओर से एक काले रंग की मर्सिडीज G63 तेज रफ्तार से उनके पास आ गई। एफआईआर में कहा गया है कि ड्राइवर जिगजैग और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और फिर तेजी से बस स्टॉप की ओर मुड़ गया।
घायलों में से एक ललित ने अपने बयान में कहा कि जब उन्होंने एक कार को तेज रफ्तार से अपनी ओर आते देखा तो वे फुटपाथ की ओर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर घिसटते हुए आगे बढ़ते रहे। इसके बाद गाड़ी कैरिजवे के बाईं ओर लगे एक लोहे के खंभे से टकरा गई और पलट गई।
आरोपियों की शुरुआती जांच में शराब की मौजूदगी का पता नहीं चला। पीटीआई के हवाले से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पता लगाने के लिए कि क्या आरोपियों ने शराब पी थी, उनकी मेडिकल जांच भी की गई है।





