फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बिना लाइसेंस चल रही मीट की दुकानें होंगी सील, 61 की हुई पहचान
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ शहर में बिना लाइसेंस चल रही मीट की दुकानों के खिलाफ बल्लभगढ़ नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगम द्वारा किए गए सर्वे में बल्लभगढ़ के विभिन्न वार्डों में करीब 61 मीट की दुकानें चिह्नित की गई हैं।

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ शहर में बिना लाइसेंस चल रही मीट की दुकानों के खिलाफ बल्लभगढ़ नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगम द्वारा किए गए सर्वे में बल्लभगढ़ के विभिन्न वार्डों में करीब 61 मीट की दुकानें चिह्नित की गई हैं, जिनके पास वैध लाइसेंस नहीं है। जल्द ही वार्डवार इन दुकानों को सील किया जाएगा।
निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के कई इलाकों में लंबे समय से बिना लाइसेंस मीट की दुकानें संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। निगम की टीमों ने बाजारों और कॉलोनियों में सर्वे शुरू किया। सर्वे के दौरान पता चला कि कई दुकानदार बिना ट्रेड लाइसेंस के ही मीट की बिक्री कर रहे हैं।
सर्वे में 61 दुकानें चिन्हित
बल्लभगढ़ नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर करण सिंह ने बताया कि निगम की टीमों ने विभिन्न वार्डों में सर्वे कर 61 दुकानों को चिन्हित किया है। इन दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर लाइसेंस बनवाने का मौका दिया गया था, लेकिन कई दुकानदारों ने अब तक नियमों का पालन नहीं किया। अब निगम प्रशासन वार्ड के अनुसार इन दुकानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई करेगा। निगम की टीमें जल्द ही इन दुकानों को सील करेंगी। मीट की दुकान संचालित करने के लिए निगम से ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है।
दुकानदारों को पहले ही दिए जा चुके हैं नोटिस
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले दुकानदारों को पर्याप्त समय दिया गया था। सबसे पहले नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल अधिकारी की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी कर लाइसेंस बनवाने और साफ-सफाई से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी कई दुकानदारों ने नियमों का पालन नहीं किया। इसके बाद जॉइंट कमिश्नर बल्लभगढ़ की ओर से दूसरी बार नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी दी गई थी। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लाइसेंस नहीं बनवाने और नियमों का पालन नहीं करने पर दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब नोटिस में दी गई समय सीमा भी समाप्त हो चुकी है।
लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की
स्थानीय निवासी रवि शर्मा का कहना है कि बाजारों में कई मीट की दुकानें बिना किसी नियम के संचालित हो रही हैं। यदि दुकानदार स्वच्छता और नियमों का पालन नहीं करते तो उनके खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है। बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाली सीमा गुप्ता का कहना है कि मीट की दुकानों के आसपास अक्सर गंदगी रहती है। नगर निगम को समय-समय पर जांच करनी चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। कई अन्य लोगों ने भी नगर निगम से मांग की है कि बिना लाइसेंस दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


