दिल्ली के कल्याणपुरी में MCD के सफाई कर्मी का ड्यूटी पर सनसनीखेज मर्डर, CCTV में कैद हुई घटना

नई दिल्ली, एएनआई
Follow us on Google News
share

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में आज सुबह एमसीडी के सफाई कर्मचारी की सरेआम बीच सड़क पर चाकू घोंपकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सनसनीखेज हत्या की यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 

MCD sanitation worker murder in Delhi Kalyanpuri
दिल्ली के कल्याणपुरी में MCD के सफाई कर्मी की चाकू मारकर हत्या।

दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में आज सुबह दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक सफाई कर्मी की ड्यूटी के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हत्या के बाद आरोपी चाकू लहराता हुआ पैदल ही वहां से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार और स्थानीय नेता आरोपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मृतक की पहचान एमसीडी के सफाई कर्मचारी 27 वर्षीय अनिल कुमार के तौर पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे अनिल कल्याणपुरी में अपनी ड्यूटी कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अनिल की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हत्या की वजह अब तक पता नहीं चल सकी है।

चाकू से पहले लात-थप्पड़ों से हमला

सीसीटीवी फुटेज में एक हाथ में चाकू पकड़े हुए आरोपी को सफाई कर्मचारी अनिल का कॉलर पकड़कर थप्पड़, लात-घूंसे और चाकू से हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और हमलावर का पता लगाने के लिए फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

बहन ने की आरोपी को सख्त सजा देने की मांग

मृतक की बहन सुनीता ने बताया कि उन्हें फोन पर शुरू में यह खबर मिली थी कि अनिल का एक्सीडेंट हो गया है। वो जब वहां पहुंची तो पता चला कि उसकी हत्या की गई है। अनिल 27 साल के थे और रोज की तरह काम पर गए थे और अपनी ड्यूटी कर रहे थे, तभी कोई पीछे से आया और उनकी हत्या कर दी। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसे सजा दिलाई जाए।

आप विधायक अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे

भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस हत्याकांड की निंदा की है और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा तथा राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई है। 'आप' विधायक कुलदीप कुमार सफाई कर्मचारी की हत्या के विरोध में अस्पताल परिसर के अंदर धरने पर बैठ गए हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे गए हैं।

आप विधायक ने कानून-व्यवस्था पर भाजपा को घेरा

कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की हत्या पर 'आप' विधायक कुलदीप कुमार ने कहा, “क्या इस दुनिया में गरीब आदमी की जान की कोई कीमत नहीं है? क्या आप एक गरीब सफाई कर्मचारी की हत्या कर देंगे जो बस अपना सफाई का काम कर रहा है? आज अपराधियों को लगता है कि कोई उन्हें छू नहीं सकता। यही सोच है। दिल्ली अब अपराध की राजधानी बन गई है, यह बात हम बार-बार कहते रहे हैं। खासकर कल्याणपुरी में हत्याएं हो रही हैं। बीजेपी सरकार क्या कर रही है... हमारी मांग है कि सरकार कार्रवाई करे, परिवार को मुआवजा दे और अपराधी का एनकाउंटर किया जाए।”

भाजपा विधायक ने सफाई कर्मी की हत्या पर क्या कहा

भाजपा विधायक रवि कांत ने कहा कि जब बाकी दिल्ली सो रही होती है, तब हमारे सफाई कर्मचारी भाई शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने में लगे होते हैं। फिर भी, कुछ बेरहम और घटिया लोग ऐसी घिनौनी हरकतें करते हैं। वे सिर्फ एक सफाई कर्मचारी पर हमला नहीं कर रहे, वे पूरे समाज पर हमला कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। रवि कांत ने कहा कि हम अपने उस भाई के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिसने अपनी जान गंवा दी। हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी दे पाएंगे जब अपराधी को गिरफ्तार किया जाएगा और उस पर पूरी कानूनी कार्रवाई होगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में MCD के सफाई कर्मी की ड्यूटी पर हत्या से सनसनी, CCTV में कैद हुई घटना