
MCD सदन की बैठक आज; पलूशन और पार्किंग शुल्क से लेकर ये प्रस्ताव होंगे पेश
एमसीडी सदन की बैठक मंगलवार को होनी है जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्रस्तुत किया जाएगा। इस बैठक में कचरा प्रबंधन और पलूशन जैसे मसलों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव भी देखा जा सकता है।
दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक मंगलवार को होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें निगम के विभागों में डाटा एंट्री ऑपरेटरों की नियुक्ति, साफ सफाई के लिए व धूल को नियंत्रित करने के लिए नई मशीनों को खरीदने से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही, दो बायोगैस सीएनजी प्लांट के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें दक्षिण पश्चिम दिल्ली के गोयला डेयरी में तीन एकड़ से अधिक भूमि पर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से यह प्लांट तैयार किया जाएगा।
दोगुना पार्किंग शुल्क पर भी आ सकता है प्रस्ताव
इसके अतिरिक्त ग्रेप के चरणों के तहत निगम के पार्किंग स्थलों में दोगुना पार्किंग शुल्क करने से जुड़ा प्रस्ताव भी फिर से लाया जा सकता है।
प्रदूषण कंट्रोल से जुड़े प्रस्ताव भी होंगे पेश
इस संबंध में निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष और सदन के सदस्य एडवोकेट योगेश वर्मा ने बताया कि मंगलवार को होने वाली सदन की बैठक में प्रदूषण को नियंत्रित करने से जुड़े कई प्रस्ताव पेश होंगे। शिक्षा विभाग से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी लाया जाएगा।
स्कूलों के मरम्मत के फंड से जुड़ा प्रस्ताव होगा पेश
इसमें निगम के सभी स्कूलों में मरम्मत कार्य के लिए दो वर्षों से लंबित लगभग 18 करोड़ रुपये के फंड से जुड़ा प्रस्ताव भी सदन में प्रस्तुत होगा। इससे शिक्षा समिति की बैठक में पास कर दिया गया है। निगम धूल को सड़कों से खत्म करने और साफ सफाई के लिए नई मशीनें खरीदेगा। इससे जुड़ा प्रस्ताव भी पेश होगा।
200 टन गोबर का हर दिन होगा निस्तारण
पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने बताया कि दो बायोगैस सीएनजी प्लांट को स्थापित करने से जुड़ा प्रस्ताव लाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक प्लांट में दो सौ टन गोबर का प्रति दिन निस्तारण होगा। इससे डेयरी कॉलोनियों में गोबर और गीले कचरे का निस्तारण करने में सहयोग मिलेगा। सदन की बैठक में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े प्रस्ताव भी पेश किए जा सकते हैं।
सत्ता पक्ष और विपक्ष में टकराव के आसार
निगम का नए वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट भी इस शुक्रवार को स्थायी समिति की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले मंगलवार को सदन की बैठक में कचरा प्रबंधन, प्रदूषण जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में टकराव होने की आशंका है।





