mcd house meet bjp wants floor test before mayor election in municipal corporation of delhi MCD में मेयर इलेक्शन से पहले BJP ने की फ्लोर टेस्ट की मांग, किसका पलड़ा भारी?, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़mcd house meet bjp wants floor test before mayor election in municipal corporation of delhi

MCD में मेयर इलेक्शन से पहले BJP ने की फ्लोर टेस्ट की मांग, किसका पलड़ा भारी?

MCD House Meet: अप्रैल में एमसीडी में मेयर का चुनाव होना है। उससे पहले ही भाजपा ने नए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बुलाई गई सदन की विशेष बैठक में फ्लोर टेस्ट की मांग कर दी है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राहुल मानवWed, 19 March 2025 10:56 PM
share Share
Follow Us on
MCD में मेयर इलेक्शन से पहले BJP ने की फ्लोर टेस्ट की मांग, किसका पलड़ा भारी?

अप्रैल में महापौर चुनाव से पहले भाजपा ने बुधवार को नए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बुलाई गई सदन की विशेष बैठक में फ्लोर टेस्ट की मांग की। भाजपा ने सदन में पार्षदों की गिनती बिना कराए बजट पास करने पर सत्ता पक्ष सवाल खड़े किए। नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने कहा कि सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हमने महापौर महेश कुमार खींची से आग्रह किया था कि वह दल अनुसार पार्षदों को गिनती करा लें। सत्ता पक्ष अब अल्पमत में है, इसलिए उन्होंने गिनती नहीं कराई। गिनती कराए बिना ही सत्ता पक्ष ने सदन की कार्यवाही शुरू कर दी।

सत्ता पक्ष के पार्षदों ने हंगामा

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कार्यवाही शुरू करने का विरोध किया तब सत्ता पक्ष के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। बिना पार्षदों की गिनती कराए बजट को पास कर दिया। यह असंवैधानिक हैं।

अभी निगम में ये है स्थिति

निगम में भाजपा के 117 पार्षद है, आम आदमी पार्टी के 113 पार्षद और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं। भाजपा के आठ पार्षदों के दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में जीत करने के बाद विधायक चुने जाने के कारण और द्वारका बी वार्ड से भाजपा के पार्षद के पश्चिमी दिल्ली के सांसद बनने के कारण कुल नौ सीटें खाली हो चुकी हैं। साथ ही आम आदमी पार्टी के भी तीन पार्षद दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बन चुके हैं।

निगम में 250 में 12 सीटें खाली

इस कारण अब निगम में 250 में 12 सीटें खाली हैं। कुल 238 पार्षद सदन में हैं। अधिकारियों के अनुसार निगम में सत्ता हासिल करने के लिए 120 पार्षदों का बहुमत चाहिए होता है। निगम के नियम अनुसार हर वर्ष अप्रैल में महापौर चुनाव प्रस्तावित होता है। अगले महीने अप्रैल में नए महापौर का चुनाव होगा। भाजपा पार्षदों के अनुसार अगले महीने महापौर चुनाव में भाजपा को बढ़त मिलने की उम्मीद है।

सत्ता पक्ष ने पहले ही मान ली हार : योगेश वर्मा

भाजपा के फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर केशवपुरम वार्ड समिति के अध्यक्ष और भाजपा के केशवपुरम से पार्षद योगेश वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष ने पहले ही हार मान ली है। इसलिए सत्ता पक्ष ने हमारी फ्लोर टेस्ट की बात नहीं मानी। इसी कारण नेता सदन ने बजट में नेता विपक्ष के लिए अतिरिक्त तीन लाख रुपये के फंड और नेता सदन के लिए एक लाख रुपये के अतिरिक्त फंड की वृद्धि करने के संशोधित प्रस्ताव को प्रस्तुत कर पास किया। सत्ता पक्ष, अपने पार्षदों के अंदर हो रहे विभाजन को उजागर नहीं होने देना चाहता इसलिए उन्होंने भाजपा की मांग को स्वीकार नहीं किया।

इन जगहों से पार्षदों ने जीता विधानसभा चुनाव

भाजपा के मुंडका से पार्षद रहे गजेंद्र दराल ने मुंडका विधानसभा से , शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद रहीं रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग से, नारायणा वार्ड से पार्षद रहे उमंग बजाज ने राजेंद्र नगर विधानसभा से, ग्रेटर कैलाश से पार्षद रही शिखा रॉय ने ग्रेटर कैलाश विधानसभा से, विनोद नगर से पार्षद रहे रविंद्र सिंह नेगी ने पटपड़गंज विधानसभा से, अशोक विहार से पार्षद रही पूनम शर्मा ने वजीरपुर विधानसभा से, संगम विहार से पार्षद रहे चंदन कुमार चौधरी संगम विहार विधानसभा से और दिचाऊं कलां से पार्षद रही नीलम पहलवान ने नजफगढ़ विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बन चुके हैं।

एक मनोनीत पार्षद का पद भी खाली

इसके अलावा भाजपा के सिविल लाइंस जोन से मनोनीत पार्षद राज कुमार भाटिया ने आदर्श नगर विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। इस वजह से अभी निगम में एक मनोनीत पार्षद का पद भी खाली हो गया है। साथ ही, आम आदमी पार्टी के पार्षद रहे आले मोहम्मद इकबाल ने मटिया महल विधानसभा से, दक्षिणपुरी से पार्षद रहे प्रेम चौहान ने देवली से और चांदनी चौक से पार्षद रहे पुनर्दीप सिंह चाहनी चांदनी चौक विधानसभा से चुनाव जीता है।