Hindi Newsएनसीआर NewsMCD by-elections for 12 wards nominations begin today 8-10 candidates vying for each seat
MCD के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए नामांकन आज, हर सीट पर 8-10 दावेदार ठोक रहे ताल

MCD के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए नामांकन आज, हर सीट पर 8-10 दावेदार ठोक रहे ताल

संक्षेप:

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए नामांकन आज से शुरू हो रहे हैं। हालांकि, अब तक राजनीतिक दल उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सके हैं। इसका कारण यह है कि हर वार्ड में आठ से दस लोग टिकट पर दावेदारी ठोक रहे हैं। 

Mon, 3 Nov 2025 05:29 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। राहुल मानव
share Share
Follow Us on

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए नामांकन आज से शुरू हो रहे हैं। हालांकि, अब तक राजनीतिक दल उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सके हैं। इसका कारण यह है कि हर वार्ड में आठ से दस लोग टिकट पर दावेदारी ठोक रहे हैं।इन दावेदारों में लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय नेताओं के करीबी भी शामिल हैं। ऐसे में पार्टियां किसी भी नाम पर मुहर लगाने से पहले उसके जीतने की संभावना का आकलन करने में जुटी हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

10 नवंबर को उपचुनाव के नामांकन का अंतिम दिन है। ऐसे में राजनीतिक दलों ने रणनीति तैयार की है कि वे उम्मीदवारों के नाम की घोषणा 8 से 9 नवंबर के बीच करेंगी। इससे टिकट न पाने वाले दावेदारों की नाराजगी का नुकसान भी कम होगा।

नेताओं की राय ली जाएगी : राजनीतिक दलों के सूत्रों के अनुसार, हर वार्ड में आठ से दस उम्मीदवार टिकट मांग रहे हैं। इस पर मंडल प्रमुखों, स्थानीय इकाइयों के नेताओं से राय ली जाएगी। इसके बाद वार्डों के पर्यवेक्षक पार्टी के प्रदेश प्रमुख के समक्ष नामों की सूचना साझा करेंगे। उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम निर्णय पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व शीर्ष नेतृत्व लेंगे।

स्टार प्रचारक भी मांगेंगे वोट : भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी वार्डों में अपनी जीत का दावा कर रही हैं। राजनीतिक दल उपचुनाव में अपने स्टार प्रचारकों को भी उतारेगी। भाजपा के सांसद भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। कई सांसद बिहार चुनाव में प्रचार करने गए हैं। वह वापस लौटकर दिल्ली में निगम उपचुनाव में प्रचार करेंगे। निगम उपचुनाव में पांच वार्ड महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं, छह वार्ड सामान्य वर्ग और एक वार्ड एससी के लिए आरक्षित है।

दिचाऊं कलां में सबसे अधिक मतदाता

दिल्ली राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जिन 12 वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं उनमें सबसे अधिक 72396 मतदाता दिचाऊं कलां में हैं। वहीं, चांदनी चौक में सबसे कम 44166 मतदाता हैं। सबसे अधिक पोलिंग स्टेशन दिचाऊं कलां वार्ड में 59 हैं। जबकि सबसे कम पोलिंग स्टेशन ग्रेटर कैलाश में 39 हैं। चुनाव के लिए कुल 580 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, कुल 374988 पुरुष मतदाता और कुल 323710 महिला मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

30 नवंबर को वोटिंग, 3 दिसंबर को काउंटिंग

दिल्ली में नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव के लिए नोटिफिकेशन सोमवार सुबह जारी हो जाएगा। इसके बाद से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन पत्र जमा करने के लिए 11 स्थान तय किए गए हैं। उम्मीदवार अपने-अपने वार्ड के लिए तय किए गए इन स्थानों से नामांकन पत्र ले सकेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि 10 नवंबर तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 12 नवंबर को इन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 15 नवंबर को नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। 30 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। 3 दिसंबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के मुताबिक सामान्य जाति के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ पांच हजार रुपये नकद जमा राशि जमा करानी होगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।