फिर दस्तक देगा पश्चिमी विक्षोभ; दिल्ली में 35 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, 2 दिन यलो अलर्ट
Delhi Weather: दिल्ली और एनसीआर में अगले छह दिन मौसम की आंख मिचौली देखी जाएगी। दो दिन ठंड तो उसके बाद तेज हवाएं चलेंगी। आगे एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ भी दस्तक देने वाला है। इस हफ्ते के मौसम का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली और एनसीआर में मौसम का बड़ा उलटफेर नजर आने वाला है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी देखी गई और यह 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यह गर्मी ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रहने वाली है। दिल्ली में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को दिल्ली में हल्का से मध्यम कोहरे के साथ जोरदार ठंड पड़ने का यलो अलर्ट जारी किया है।
दस्तक देगा पश्चिमी विक्षोभ
यही नहीं मौसम विभाग के मुताबिक, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 4 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 4 और 5 जनवरी को छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पहले मैदानी इलाकों में गलन के कारण तापमान में गिरावट देखी जाएगी।
31 दिसंबर और पहली जनवरी को कैसा मौसम?
मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को दिल्ली में सुबह के वक्त कड़ाके की ठंड के साथ हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहली जनवरी को भी दिल्ली में सुबह के वक्त धुंध से लेकर हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। शाम या रात को दोनों ही दिन हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है।
2 जनवरी को क्या पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने दो जनवरी को भी दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में आसमान में छिटपुट बादलों की मौजूदगी के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो तेज हवाओं के कारण पलूशन की समस्या से कुछ हद तक राहत रहेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में सर्दी के सितम को रहें तैयार; बारिश, तापमान, शीतलहर पर IMD का क्या अनुमान
यह भी पढ़ें- कड़ाके की ठंड ला रहा 2025, UP में 6 डिग्री गिर सकता है पारा; 5 राज्यों में बदलेगा मौसम
3, 4 और 5 जनवरी को क्या अपडेट?
मौसम विभाग की मानें तो 3, 4 और 5 जनवरी को भी दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है लेकिन इसको लेकर किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन में छिटपुट बादलों की मौजूदगी रहेगी। तीनों दिन अधिकतम तापमान के 21 से 22 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 3 और 4 जनवरी को हवा की स्पीड 12 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच देखी जा सकती है।

कैसी रहेगी ठंड?
मौसम विभाग के मुताबिक, एनसीआर के शहरों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थितियां देखी जाएंगी। 31 दिसंबर और पहली जनवरी को अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 8 से 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दो जनवरी को तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी जाएगी। दो जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।