सावधान! दिल्ली में बारिश के साथ कोहरा भी करेगा परेशान, 3 दिन यलो अलर्ट, NCR में कैसा मौसम?
Delhi Weather Warning: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में मौसम जल्द बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली में तीन दिन यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते कब कैसा रहेगा मौसम पढ़ें IMD का ताजा अपडेट…

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर पड़ रही है। कश्मीर घाटी में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पारा हिमांक बिंदु के करीब पहुंच गया है। मौसम की इस बेरुखी का असर दिल्ली एनसीआर के इलाकों पर भी देखा जा रहा है। दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में गुरुवार की सुबह कोहरे के साथ तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि बीते कुछ दिनों से यह 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच था। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में मौसम बदलने वाला है।
10 जनवरी का हाल
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह के वक्त अधिकांश स्थानों पर धुंध या मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के वक्त भी धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदलने का अनुमान है।
11 और 12 जनवरी को कैसा मौसम?
दिल्ली में शनिवार को सुबह के वक्त धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। दिन में बादल छाए रहेंगे और गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी देखी जा सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर सुबह के समय धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। दिन में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। शाम या रात के वक्त धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
13, 14 और 15 जनवरी का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली में 13 जनवरी को सुबह के वक्त धुंध या मध्यम से घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। दिन में आसमान साफ रहेगा। शाम या रात के वक्त धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई है। यही नहीं 14 और 15 जनवरी को सुबह के वक्त धुंध या मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा। शाम या रात को धुंध या हल्का कोहरा नजर आ सकता है।
कैसी रहेगी ठंड? NCR के शहरों का हाल
मौसम विभाग की मानें तो 10 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 डिग्री जबकि न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। वहीं 11 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। 12 से 15 जनवरी के दौरान अधिकतम तापमान के 18 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। एनसीआर के शहरों में भी 6 दिन कमोबेश दिल्ली जैसा ही मौसम रहने का अनुमान है।