दिल्ली में इस हफ्ते 30°C पहुंचेगा तापमान; क्या बिना बसंत सीधे सर्दी से गर्मी में होगी एंट्री?
Delhi Weather: दिल्ली में इस हफ्ते तेजी से मौसम में बदलाव महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में इस हफ्ते अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों से ठंड विदा होने को है। आलम यह कि राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी महीने के पहले पखवाड़े में ही अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर पहुंचने को बेताब है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम में नजर आ रहा यह बदलाव अप्रत्याशित है। दिल्ली के साथ ही उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में बसंत का समय छोटा हो गया है। अब सीधे गर्मी शुरू हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते बारिश भी नहीं होने वाली है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सामान्य से ज्यादा तापमान के लिए साफ आसमान और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ जिम्मेदार है। साफ आसमान की वजह से ज्यादा सौर विकिरण धरती तक पहुंचता है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होती है।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आमतौर पर तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। इस साल काफी कम पश्चिमी विक्षोभ नजर आए। आने वाले दिनों में भी दिल्ली तक किसी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना नहीं है। इससे ऐसा मालूम पड़ रहा है कि दिल्ली एनसीआर में बिना बसंत के आए मौसम में तेजी से गर्मी दस्तक दे देगी।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली एनसीआर रीजन में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश की गतिविधि पैदा कर रहे हैं, लेकिन मैदानी इलाकों में बारिश हो नहीं पा रही है।
वहीं दूसरी ओर तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण संवहन गर्मी पैदा हो रही है। आईएमडी वैज्ञानिक कृष्ण कुमार मिश्रा का कहना है कि शांत हवाएं भी तापमान बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। चूंकि अगले दो दिनों के दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की उम्मीद है, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो 13 और 14 फरवरी को दिल्ली में तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इन दोनों ही दिन 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
यही नहीं 14 से लेकर 28 फरवरी के दौरान दिल्ली में आसमान में छिटपुट आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के वक्त हल्की धुंध भी नजर आ सकती है। दोनों ही दिन बारिश की संभावना नहीं है।मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 18 फरवरी के दौरान हवा की स्पीड कम ही रहेगी।
15 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके बाद 16 से 18 फरवरी के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 16 फरवरी को न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 17 और 18 फरवरी को न्यनतम तापमान में और बढ़ोतरी देखी जाएगी। यह 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।