Delhi Weather 16 October : दिल्ली के मौसम में बदलाव की क्या है वजह, आज कैसा रहेगा हाल?

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर में कल हुई बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया है। बारिश और हवाएं चलने से तापमान छह डिग्री तक नीचे आ गया। आज भी बादलों की आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

delhi weather update
दिल्ली मौसम अपडेट

राजधानी दिल्ली में मौसम के करवट लेने से फिजा ठंडी हो गई है। गुरुवार को मौसम में तेज बदलाव देखने को मिला। दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के चलते तापमान में 6 डिग्री से ज्यादा तक की गिरावट आई। इससे आमतौर पर मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने आज भी बादल और हल्की बारिश के आसार जताए हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। खास बात यह है कि दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण से बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय पंजाब व आसपास के इलाके में एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है, जबकि हरियाणा व आसपास के हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के मेल से उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की या मध्यम बारिश देखने को मिली है।

दिल्ली के मौसम पर भी गुरुवार को इसका असर देखने को मिला। सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, रिज मौसम केन्द्र का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

रिज क्षेत्र में मौसम की सबसे ज्यादा मेहरबानी

रिज क्षेत्र में मौसमी सिस्टम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। यहां पर सबसे ज्यादा 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 15.9 मिमी, पालम में 11.2 मिमी और लोधी रोड पर 20.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राहत : एक्यूआई में 32 अंकों का सुधार

दिल्ली के प्रदूषण पर भी मौसम का खासा असर देखने को मिला है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 149 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 181 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटे के भीतर एक्यूआई में 32 अंकों का सुधार दर्ज किया गया। बुधवार को दिल्ली के 23 इलाकों का सूचकांक 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में पहुंच गया था। जबकि, गुरुवार को ऐसे वायु गुणवत्ता निगरानी केन्द्रों की संख्या सिर्फ चार रही।

पांच विमानों को डायवर्ट किया गया

मौसम में अचानक हुए बदलाव का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला है। खराब मौसम के चलते पांच विमानों को डायवर्ट किया गया। जानकारी के मुताबिक इन उड़ानों को जयपुर और नोएडा के हवाई अड्डों पर भेजा गया। एयर इंडिया की तीन, एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और मकाऊ से आ रहे एक माल विमान का मार्ग बदलना पड़ा। एयर इंडिया की उड़ानें अहमदाबाद, भोपाल और बेंगलुरू से दिल्ली आ रही थीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान भुवनेश्वर से आ रही थी। इन पांच में से चार उड़ानों को जयपुर भेजा गया, जबकि एक उड़ान का मार्ग बदलकर उसे नोएडा हवाई अड्डे पर उतारा गया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Weather 16 October : दिल्ली के मौसम में बदलाव की ये वजह, आज कैसा रहेगा हाल