काम की बात: दिल्ली में दोबारा बनेगी 8 KM लंबी यह सड़क, NHAI ने निकाला 379 करोड़ का टेंडर

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

राजधानी दिल्ली में मथुरा रोड पर आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक करीब 8 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क दोबारा से बनाई जाएगी। NHAI ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस काम पर 379 करोड़ की लागत आने का अनुमान है।

New Delhi : Traffic passes along a pothole-ridden Mathura road at Ashram Chowk during the monsoon in New Delhi, India, on Wednesday, August 12, 2026. (Photo by RAJ K RAJ / Hindustan Times)
दिल्ली में मथुरा रोड पर आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक करीब 8 किलोमीटर लंबी सड़क दोबारा बनेगी।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मथुरा रोड पर सफर को सुगम बनाने और ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की दिशा में तैयारी शुरू हो गई है। आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक मथुरा रोड को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। यह सड़क को सिग्नल फ्री बनाने की योजना के पहले चरण का काम है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क के पुनरुद्धार और अपग्रेडेशन के लिए करीब 379 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक करीब 7.97 किलोमीटर लंबी सड़क का दोबारा निर्माण होगा। मौजूदा वक्त में रोड की हालत कई जगह खराब है। साथ ही, वह 4 लेन के मानकों को पूरा नहीं कर रही। कई जगह चौड़ाई कम है। इसके अलावा सेंट्रल वर्ज और फुटपाथ में कमी है। पुनर्विकास योजना में सारी कमियों को दूर किया जाएगा।

जाम से राहत मिलने की उम्मीद

मथुरा रोड दक्षिणी दिल्ली को फरीदाबाद और बदरपुर बॉर्डर की ओर जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस पर ट्रैफिक का दबाव रहने से वाहन चालकों को कई बार धीमी रफ्तार और जाम का सामना करना पड़ता है।

जंक्शन और जल निकासी भी सुधरेगी

योजना के तहत मथुरा रोड पर पुलिया और सड़क जंक्शनों का सुधार किया जाएगा। इंटरचेंज और जल निकासी व्यवस्था को दोबारा डिजाइन कर विकसित किया जाएगा ताकि जंक्शन खुले बने और जल निकासी दुरुस्त रहे। बरसात होने पर पानी न रुके, क्योंकि पानी भरने से सड़क की सतह को नुकसान होता है।

बारापुला फेज-3 के कॉरिडोर पर जाम की समस्या घटी

वहीं, नए बने बारापुला फेज-3 के साढ़े तीन किलोमीटर के कॉरिडोर का रियल टाइम ट्रैफिक डेटा आखिरकार गूगल मैप पर अपडेट होने लगा है। वाहन चालकों को वास्तविक स्थिति पता चलने से वह समय रहते वैकल्पिक रूट ले पा रहे हैं। इससे बारापुला फेज-3 पर बिगड़ी स्थिति कुछ काबू में आ रही है। पुलिस का मानना है कि समय के साथ यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। बारापुला फेज-3 शुरू होने के बाद से ही सबसे बड़ी दिक्कत गूगल मैप की गफलत थी। मैप पर इस रूट का रियल टाइम डेटा अपलोड नहीं था, इसलिए रास्ता हमेशा जाम मुक्त दिखता था। शॉर्टकट के चक्कर में चालक गूगल मैप देख कर इस कॉरिडोर पर आ रहे थे और भीषण जाम में फंस जाते थे। पुलिस के मुताबिक, यही जाम की सबसे बड़ी वजह थी। ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि अब स्थिति बदल रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में दोबारा बनेगी 8 KM लंबी यह सड़क, NHAI ने निकाला 379 करोड़ का टेंडर