ग्रेटर नोएडा दोहरे हत्याकांड मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दिवाली के दिन हुआ था डबल मर्डर

Apr 04, 2026 05:58 pm ISTSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, वार्ता, ग्रेटर नोएडा
share

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में दिवाली के दिन हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जारचा थाना क्षेत्र के सैंथली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी सैन्सरपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

ग्रेटर नोएडा दोहरे हत्याकांड मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दिवाली के दिन हुआ था डबल मर्डर

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में दिवाली के दिन हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जारचा थाना क्षेत्र के सैंथली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी सैन्सरपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना पिछले वर्ष 20 अक्टूबर (दिवाली) को सैंथली गांव में हुई थी, जहां नाली के पानी के निकास को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी तक पहुंच गया। इस खूनी संघर्ष में अजयपाल भाटी और उनके भतीजे दीपांशु भाटी की मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस हत्याकांड में मनोज नागर उर्फ पहलवान और प्रिंस भाटी को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा थार गाड़ी और अवैध हथियार भी बरामद किए थे। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया था, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जारचा थाना प्रभारी, चार सब इंस्पेक्टरों और दो कांस्टेबलों को सस्पेंड किया गया था।

संबंधित मामले में सैन्सरपाल गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। जारचा थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे उसके ही गांव सैंथली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी सैन्सरपाल (70), पुत्र माखन, सैंथली गांव का निवासी है। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे षड्यंत्र और अन्य शामिल लोगों की भूमिका का खुलासा किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

दिवाली जैसे त्योहार के दिन हुए इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया था। अब मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले की परतें पूरी तरह खुलेंगी और सभी दोषियों को सजा दिलाई जा सकेगी।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।