दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में 46 लोगों को दबोचा, बताई यह वजह

पीटीआई, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

इस कार्रवाई को मिलाकर रोहिणी पुलिस ने इस साल अब तक कुल 155 अवैध हथियार और 287 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जो कि दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और यूनिट्स के मामले में हथियारों की सबसे ज्यादा बरामदगी है।

Delhi Police and arrest representative image

दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाते हुए पिछले दो दिनों में 46 लोगों को गिरफ्तार किया है, और इस दौरान उनसे 19 देसी पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस और नौ चाकू भी बरामद किए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने गुरुवार को बताया कि 'ऑपरेशन शस्त्र' नाम का यह अभियान इलाके में अवैध हथियारों, संगठित अपराध और सड़क पर अपराध करने वाले बदमाशों के खिलाफ चलाया गया था। पुलिस ने बताया कि इस दो-दिवसीय ऑपरेशन के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 24 मामले, एक्साइज एक्ट के तहत 5, NDPS एक्ट के तहत 2 और गैंबलिंग एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार 'ऑपरेशन शस्त्र' अभियान के दौरान 210 पुलिसकर्मियों वाली 15 टीमों ने जिले भर में 106 जगहों पर तलाशी लेते हुए छापेमारी की। इस दौरान 101 पार्कों की जांच की गई, 60 गाड़ियों पर लगी ब्लैक फिल्म हटाई गईं, लगभग 400 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया और 8 सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों व एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया गया।' पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान हुई 46 गिरफ्तारियों के अलावा, 23 लोगों को कानून के एहतियाती प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

रोहिणी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) शशांक जायसवाल ने कहा, 'चार आदतन लुटेरों और सेंधमारों को भी चार देसी पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस और घर तोड़ने के औजारों (लोहे की छड़ें, प्लायर और इलेक्ट्रिकल टेस्टर) के साथ पकड़ा गया।' DCP ने कहा, 'इस अभियान का मकसद अवैध हथियारों का पता लगाते हुए संगठित आपराधिक नेटवर्क और आदतन अपराधियों को निशाना बनाना था।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामदगी का ज्यादातर हिस्सा आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई से आया, जिसमें 24 मामलों में 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्त में आए लोगों में कई कथित हिस्ट्रीशीटर और बार-बार अपराध करने वाले लोग शामिल थे, जो पहले डकैती, झपटमारी, सेंधमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहे थे।

उधर पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (नॉर्दर्न रेंज) विजय सिंह ने कहा, 'एक और मामले में, टीमों ने स्नैचिंग के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा एक अन्य आरोपी को सोशल मीडिया पर अवैध हथियार दिखाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।'

उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग कार्रवाई में पांच मामलों में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया और अवैध शराब की 3,884 बोतलें (क्वार्टर) व एक कार बरामद की गई। NDPS एक्ट के मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जुआ अधिनियम के तीन मामलों में छह अन्य लोगों को दबोचा गया।

एक अहम जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि रोहिणी पुलिस ने इस साल अब तक कुल 155 अवैध हथियार और 287 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जो कि दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और यूनिट्स के मामले में हथियारों की सबसे ज्यादा बरामदगी है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली पुलिस ने रोहिणी में 46 लोगों को दबोचा, बताई यह वजह