मंझावली पुल से फरीदाबाद जाना होगा आसान, ग्रेटर नोएडा के इस सेक्टर में सड़क मरम्मत का काम शुरू

Mar 09, 2026 08:05 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा/फरीदाबाद
share

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर टेक्जोन आईटी सिटी से वीवो कंपनी तक सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। यह सड़क ग्रेटर नोएडा के जगनपुर गांव से होते हुए यमुना नदी पर बने मंझावली पुल से जुड़ती है। इस पुल के बन जाने से फरीदाबाद जाना आसान होगा।  

मंझावली पुल से फरीदाबाद जाना होगा आसान, ग्रेटर नोएडा के इस सेक्टर में सड़क मरम्मत का काम शुरू

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर टेक्जोन आईटी सिटी से वीवो कंपनी तक सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। यह सड़क ग्रेटर नोएडा के जगनपुर गांव से होते हुए यमुना नदी पर बने मंझावली पुल से जुड़ती है। इस पुल के बन जाने से फरीदाबाद जाना आसान होगा। इससे इलाके में आवागमन सुगम हो जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से अनुमति लेकर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। मंझावली पुल बनकर तैयार हो गया है। ग्रेटर नोएडा की तरफ संपर्क मार्ग का काम पूरा होने का इंतजार है। इसके बाद फरीदाबाद पहुंचना आसान हो जाएगा।

टेक्जोन आईटी सिटी सेक्टर में जरूरी सुविधाएं बढ़ाने का काम जारी

प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, 511 एकड़ में विकसित किए गए सेक्टर टेक्जोन आईटी सिटी में 6 से अधिक आईटी कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए हैं। इनमें से 3-4 कंपनियां चालू हो गई हैं। सेक्टर में जरूरी सुविधाएं बढ़ाने का काम किया जा रहा है, ताकि आवंटियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। यहां 12 एमएलडी क्षमता के सीवरेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण की तैयारी भी चल रही है। इसका टेंडर जारी किया जा चुका है। सेक्टर में आसानी से पहुंचा जा सके, इसके लिए सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। प्राधिकरण से अनुमति लेकर पीडब्ल्यूडी ने सेक्टर आईटी सिटी के गोलचक्कर से औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक -6 स्थित वीवी कंपनी तक चार लेन की सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारी के मुताबिक, उक्त मार्ग क्षेत्र के जगनपुर होते हुए मंझावली पुल को जोड़ता है।

तीन किलोमीटर लंबी है सड़क

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन का समय नजदीक आता देख प्राधिकरण ने भी उन सड़कों को चौड़ी करने व मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है, जिस पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि सेक्टर आईटी सिटी से जगनपुर होते हुए मंझावली पुल को जोड़ने वाली सड़क की लंबाई लगभग तीन किलोमीटर है। सड़क की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग की देखरेख में किया जा रहा है।

अनुमति के बाद काम शुरू

ग्रेटर नोएडा को सीधे फरीदाबाद से जोड़ने वाले मंझावली पुल का उद्घाटन होने और नोएडा एयरपोर्ट चालू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाएगा। इसको देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सेक्टर आईटी से वीवी कंपनी तक सड़क की मरम्मत अपने हिसाब से कराने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद काम शुरू कर दिया गया है।

बस-वे का काम तेज

सुगम आवागमन के लिए ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ बस-वे का काम तेज कर दिया गया है। यह काम अगले छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। बस-वे के लिए दोनों तरफ 3-3 लेन की सड़क बनाई जा रही है। साथ ही आईटी सिटी में जरूरी सुविधाएं बढ़ाने का काम किया जा रहा है। पुल बन जाने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।