
फरीदाबाद के लिए गुड न्यूज, मंझावली पुल को जोड़ने वाली तिगांव की 10 सड़कें जल्द बनेंगी
संक्षेप: फरीदाबाद में मंझावली पुल पर आवागमन शुरू होने से पहले तिगांव क्षेत्र के गांवों की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। पुल तक पहुंचने के लिए क्षेत्र की 10 सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
फरीदाबाद में मंझावली पुल पर आवागमन शुरू होने से पहले तिगांव क्षेत्र के गांवों की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। पुल तक पहुंचने के लिए क्षेत्र की 10 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से न केवल एक लाख से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बीच संपर्क और सुगम होगा।

मंझावली पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पुल को जोड़ने वाले आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें कई सालों से जर्जर अवस्था में हैं। इन सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार स्थानीय विधायक और प्रदेश के राज्य मंत्री राजेश नागर से निर्माण की मांग की थी। इस पर मंत्री ने प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री तक भेजा। मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को इन सड़कों के निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास किया था। अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अगले महीने की शुरुआत में ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इन सड़कों के लिए भी स्वीकृति
तिगांव क्षेत्र की पांच अन्य सड़कों के लिए भी स्वीकृति दी गई है। इनमें नया गांव सड़क, नचौली से महावतपुर (जो नचौली के राजकीय कालेज से होकर जाएगी), दलेलगढ़ की सड़क, अल्लीपुर मार्ग और घरोड़ा से घुड़ासन जाने वाली सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों पर 5.01 करोड़ रुपये की लागत आएगी। हालांकि, मंझावली पुल बनकर तैयार है और यमुना पार तक लगभग एक किलोमीटर सड़क भी बना दी गई है, लेकिन उत्तर प्रदेश की सीमा में करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण अधूरा है। यह जिम्मेदारी वहां के लोक निर्माण विभाग की है। विभाग ने किसानों से जमीन खरीद ली है और उम्मीद है कि अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
महावतपुर से बसंतपुर तक नई सड़क बनेगी
यमुना नदी किनारे बसे महावतपुर गांव से बसंतपुर तक 13.77 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना पर 4.68 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस सड़क से 25 हजार से अधिक लोगों को प्रतिदिन लाभ होगा और गांवों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा। इसी तरह बादशाहपुर से दलेलपुर तक सड़क निर्माण की मंजूरी दी गई है। 3.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से करीब 20 हजार से अधिक लोग प्रतिदिन लाभान्वित होंगे। वहीं, भूपानी मोड़ से नचौली-ताजुपुर रोड, फैजपुर माजरा रोड और नीमका से फैजपुर माजरा तक तीन सड़कों के निर्माण पर 5.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों की हालत वर्तमान में काफी खराब है, लेकिन इनके बनने से 50 हजार से अधिक लोगों को रोज राहत मिलेगी।
प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, ''सभी परियोजनाओं की स्वीकृति मिल चुकी है। कंपनियों को निर्माण कार्य आवंटन की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सभी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।''





