काम की बात: दिल्ली के मांडी रोड को नेशनल हाईवे घोषित किया जाए; रेखा गुप्ता की नितिन गडकरी से ये 2 गुजारिश

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दक्षिणी दिल्ली का मांडी रोड जल्द ही नेशनल हाईवे बन सकता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नितिन गडकरी को चिट्ठी लिखकर 8.8 किलोमीटर लंबे इसे कॉरिडोर को एनएचएआई के अधीन लाने की गुजारिश की है। यह सड़क एनसीआर के कई शहरों को जोड़ती है।

Delhi CM Rekha Gupta

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दक्षिण दिल्ली के 8.8 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण एक कॉरिडोर को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन लाने की मांग की है। रेखा गुप्ता ने इसके लिए गडकरी को पत्र लिखकर मांडी रोड को नेशनल हाईवे (एनएच) घोषित करने और इसके विकास का काम एनएचएआई को सौंपने का आग्रह किया है।

पड़ोसी राज्य को जोड़ता है यह रोड

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि लगभग 8.8 किलोमीटर लंबा मांडी रोड दिल्ली-एनसीआर का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक सड़क कॉरिडोर है। यह छतरपुर मेट्रो स्टेशन के निकट महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है। यह मार्ग दिल्ली और पड़ोसी आर्थिक केंद्रों गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी के रूप में कार्य करता है तथा अंतरराज्यीय यातायात के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यूटीटीआईपीईसी ने सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव का किया था समर्थन

सीएम गुप्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (यूटीटीआईपीईसी) की गवर्निंग बॉडी ने 27 सितंबर 2023 को आयोजित अपनी 68वीं बैठक में मांडी रोड के महत्व को मान्यता देते हुए इसके चौड़ीकरण और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि मांडी रोड के रणनीतिक महत्व, मौजूदा और भावी यातायात मांग तथा नेशनल हाईवे-148ए के साथ इसके सीधे संपर्क को देखते हुए इस सड़क को एनएचएआई के दायरे में लाने पर विचार किया जाना चाहिए।

एनएसीआर की कनेक्टिविटी होगी और मजबूत

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर इसके विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी जाए, ताकि इसके विकास के लिए एकीकृत योजना बनाई जा सके। समान इंजीनियरिंग मानकों को अपनाया जा सके और इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर का समयबद्ध उन्नयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से हर दिन इस रोड का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को बेहतर और अधिक सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर नितिन गडकरी से सकारात्मक विचार करने का आग्रह करते हुए इस मामले को आगे बढ़ाने में उनके निरंतर सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।

बता दें कि, दिल्ली सरकार राजधानी की सड़कों की सूरत संवारने और और वर्ल्ड क्लास की बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसके लिए कई नए एक्सप्रेसवे और सड़कें बनाने पर विचार करने के साथ ही उन्हें एनसीआर के शहरों से जोड़ने पर विचार कर रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsमांडी रोड को NH घोषित किया जाए; रेखा गुप्ता की नितिन गडकरी से ये 2 गुजारिश