
फोन उठाकर जा रहा था शख्स, चाकू घोंपक उतारा मौते के घाट, दिल्ली में खौफनाक कांड
दिल्ली के वेलकम इलाके में गुरुवार रात मोबाइल फोन उठाकर जाने से नाराज शख्स ने अपने जानकार युवक पर चाकू से हमला करके उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है।
दिल्ली के वेलकम इलाके में गुरुवार रात मोबाइल फोन उठाकर जाने से नाराज शख्स ने अपने जानकार युवक पर चाकू से हमला करके उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने मामले में आरोपी की पहचान के बाद शुक्रवार देर शाम उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शादाब उर्फ सुहेब के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी वारदात के वक्त नशे में था और उसके पास ही उसका मोबाइल फोन रखा हुआ था। सूरज उसका मोबाइल फोन लेकर जाने लगा। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ तो नशे में आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी के फरार होने के रूट का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 08:09 बजे वेलकम पुलिस को चाकूबाजी की पीसीआर कॉल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम इलाके जेड ब्लॉक में वेलकम मेडिकल स्टोर के पास पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल अवस्था में युवक मिला। उसे जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि सूरज कूड़ा बीनने का काम करता था।





