मालवीय नगर हादसा: होटल मालिक गिरफ्तार, दिल्ली भर में कॉमर्शियल इमारतों की होगी जांच
Malviya Nagar Hotel owner Lavkesh Bajaj arrested: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक अवैध होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच के तहत होटल इमारत के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हादसे से सबक लेते हुए दिल्ली सरकार और एलजी की ओर से दिल्ली के सभी होटलों, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थान, रेस्तरां और अन्य कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए अभियान चलाने के आदेश जारी कर दिदिए गए हैं।
पकड़ा गया होटल मालिक लवकेश
दिल्ली पुलिस ने इस भयावह हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में इमारत के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद दिल्ली के साकेत इलाके में रहने वाले होटल मालिक लवकेश बजाज और उनकी पत्नी गायब हो गए थे। वे एक मर्सिडीज कार में सवार होकर निकले थे। पुलिस की एक टीम जब उनके घर पहुंची तब उनका घर बंद मिला था। इसके बाद पुलिस ने कई टीमें बना दी थीं। यही नहीं अधिकारी अलग-अलग जगहों की CCTV फुटेज खंगाल रहे थे।
गैर-इरादतन हत्या का केस, अन्य की भूमिका की भी जांच
इस भयावह हादसे की जांच के तहत दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत 'गैर-इरादतन हत्या' और अन्य संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस इस होटल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जारी किया था लुकआउट सर्कुलर
वहीं पुलिस सूत्रों ने HT को बताया कि लवकेश बजाज देश से बाहर फरार ना होने पाए इसको लेकर पुलिस की ओर से लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। बताया जाता है कि 60 वर्षीय लवकेश बजाज का एक और कारोबार भी है। उनकी कंपनी का नाम लैब इफ्रा प्राइवेट लिमिटेड है। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह कंपनी कंस्ट्रक्शन कार्यों से जुड़ी है।
फायर सेफ्टी मानकों की जांच के आदेश
दिल्ली के एलजी तरणजीत सिंह संधू ने दिल्ली के सभी होटलों, नर्सिंग होम्स, कोचिंग संस्थान, रेस्तरां और अन्य संवेदनशील कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन की जांच आदेश दिए हैं। इस आदेश के तहत पूरी दिल्ली में कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए एक महीने तक अभियान चलाया जाएगा। एलजी ने संबंधित विभागों के साथ एक बैठक में अधिकारियों को उक्त आदेश दिया। यह अभियान 4 जून से शुरू किया जाएगा।
निर्धारित सीमा से अधिक कमरे होंगे सील
पीटीआई-भाषा के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि सभी होटल, लॉज, सराय, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थान, रेस्तरां के साथ ही अन्य संवेदनशील कॉमर्शियल प्रतिष्ठान जांच के दायरे में आएंगे। होटल, लॉज और सराय में निर्धारित सीमा से अधिक कमरों को बंद या सील कर दिया जाएगा।
हटेंगे दमकल गाड़ियों में बाधा बन रहे निर्माण
पीटीआई-भाषा के मुताबिक, भूमि स्वामित्व वाली एजेंसियों, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस को उन अवरोधों की पहचान करने को कहा गया है जो दमकल टीमों को किसी कॉलोनी आदि के क्षेत्र में दाखिल होने में बाधक बनते हैं। ये टीमें एक सर्वेक्षण करेंगी। अभियान के तहत पहचान किए गए अवरोधों को हटाया जाएगा। साथ ही कई अन्य जगहों पर आग बुझाने के वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे।
पूरी राजधानी में चलेगा अभियान
दिल्ली सरकार में गृह मंत्री आशीष सूद ने 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' योजना के तहत अवैध रूप से संचालित और नियमों का पालन नहीं करने वाले गेस्ट हाउसों के खिलाफ पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सघन अभियान चलाने का आदेश दिया है। उन्होंने साफ किया है कि आवासीय इलाकों में अवैध कॉमर्शियल गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी त्रासदी ना हो यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


