मालवीय नगर अग्निकांड : दिल्ली पुलिस ने लवकेश बजाज के सभी 5 होटल बंद कराए, मैनेजर अब भी फरार

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग में जलकर मरे 21 लोगों की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज के सभी 5 होटल बंद करा दिए हैं। इसके अलावा एमसीडी भी हौज रानी में नियमों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे 12 होटलों के लाइसेंस को रद्द करेगा।

मालवीय नगर अग्निकांड : दिल्ली पुलिस ने लवकेश बजाज के सभी 5 होटल बंद कराए, मैनेजर अब भी फरार

दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज के पांचों होटल बंद करा दिए हैं। साथ ही पुलिस हाेटल के मैनेजर जय मिश्रा की तलाश कर रही है। होटल मालिक लवकेश बजाज से पूछताछ के आधार पर पुलिस मैनेजर जय मिश्रा की तलाश में जुट गई है। जांच में सामने आया कि होटल का संचालन और प्रबंधन का काम जय मिश्रा देखता था। होटल का लाइसेंस भी उसके ही नाम पर जारी करवाया गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी लवकेश मालवीय नगर का रहने वाला है। पहले वह हौजकाजी में हार्डवेयर की दुकान चलाता था। लंबे समय तक दुकान चलाने के दौरान उसने दुकान पर ऊपर कमरे बना लिए और किराये पर देने लगा। इसके बाद लवकेश ने पहला होटल खोला। अभी उसके तीन होटल संचालित हैं और दो का काम चल रहा है। फिलहाल यह सभी होटल खाली करवा कर बंद करा दिए गए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने में किनकी भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस ने चार भरे हुए सिलेंडर बरामद किए हैं।

होटल मालिक को चार दिन की हिरासत में भेजा

मालवीय नगर के होटल में लगी आग के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज पर गैर इरादतन हत्या समेत कई आरोपों में केस दर्ज किया।

पोस्टमॉर्टम में खुलासा, धुएं में दम घुटने से 12 की मौत

मालवीय नगर के हौज रानी स्थित होटल में हुए अग्निकांड में मृत 21 लोगों में से 12 शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश लोगों की मौत आग के दौरान फैले घने धुएं और फेफड़ों में कार्बन मोनोऑक्साइड पहुंचने से हुई। अभी नौ शवों का पोस्टमॉर्टम होना बाकी है। एम्स की मॉर्चरी में मैक्स अस्पताल से लाए गए 18 शवों में से 11 का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है। इनमें छह शवों का पोस्टमॉर्टम बुधवार को और पांच का गुरुवार को हुआ। मृतकों में एक ही परिवार के आठ सदस्य और उनके रिश्तेदार भी शामिल हैं। एम्स के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के अनुसार मॉर्चरी में अभी सात शव रखे हैं, जिनमें दो कांगो और पांच नाइजीरियाई नागरिकों के हैं। संबंधित देशों के दूतावासों से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद शुक्रवार को उनके पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उधर, ट्रॉमा सेंटर में एक शव का पोस्टमॉर्टम किया गया है, जबकि दो मृतकों के परिजन या दूतावास प्रतिनिधि अब तक नहीं पहुंचे हैं। शवों के डीएनए नमूने भी सुरक्षित रखे गए हैं।

होटलों, व्यावसायिक परिसरों का ऑडिट होगा

मालवीय नगर अग्निकांड की विस्तृत जांच कराने के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने होटलों, व्यावसायिक परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का विशेष ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। जहां भी लापरवाही मिलेगी, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हौज रानी में 12 होटलों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे

मालवीय नगर स्थित होटल में लगी आग की घटना पर लापरवाही बरतने पर सभी सरकारी विभागों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने हौज रानी में संचालित 12 होटलों के लाइसेंस को रद्द करेगा। इस संबंध में निगम अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी की जांच में सामने आया है कि इन होटलों ने निगम से चाय और नाश्ते के लिए स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस (हेल्थ ट्रेड लाइसेंस) प्राप्त किया था, लेकिन यह इस लाइसेंस के विरुद्ध संचालन कर रह थे। यह लाइसेंस के नियमों का उल्लंघन है। निगम अपने लाइसेंस को रद्द करने के साथ ही इनका राज्य सरकार से प्राप्त बी एंड बी का लाइसेंस भी रद्द कराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इन सभी होटलों ने दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग से बी एंड बी के आधार पर लाइसेंस प्राप्त किया था। उन्हें रद्द करने के लिए राज्य सरकार के पर्यटन विभाग को पत्र लिख दिए हैं। साकेत इलाके में 32 अतिरिक्त नोटिस जारी किए जाएंगे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।