
'बाबा कसम,मार्केट को खत्म कर दूंगा'; दिल्ली के BJP MLA ने लोगों को धमकाया,AAP ने शेयर किया वीडियो
AAP ने पूर्व मंत्री और मंगोलपुरी से भाजपा विधायक राजकुमार चौहान पर लोगों को खुली धमकी देने का आरोप लगाया। वीडियो में वह कह रहे हैं कि अगर लोग संजय गांधी ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन में भीड़ बढ़ाने के लिए नहीं पहुंचे तो कतर मार्केट उजाड़ दूंगा।
आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं ने दिल्ली की मंगोलपुरी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजकुमार चौहान का एक वीडियो शेयर करते हुए उन पर अपनी विधानसभा के व्यापारियों को धमकाने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने भाजपा विधायक का जो वीडियो शेयर किया, उसमें चौहान मार्केट में लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें नए संजय गांधी ट्रामा सेंटर के उद्घाटन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में आने का कह रहे हैं, साथ ही यह भी कह रहे हैं कि अगर उद्घाटन के मौके पर इलाके के सभी लोग नहीं पहुंचे तो मैं पूरा का पूरा कतर मार्केट उजाड़ दूंगा। उन्होंने कसम खाते हुए मार्केट को खत्म करने की धमकी दी।

इस घटना के वायरल वीडियो में भाजपा MLA चौहान ने कहा, 'चाहे प्यार से समझ लो, या चाहे रौब से समझ लो। जिस दिन ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन हो, मुख्यमंत्री और हमारे प्रदेशाध्यक्ष सचदेवा जी जिस दिन आएं, तो ये मार्केट, एक-एक बच्चा उस जगह पहुंचना चाहिए, नहीं तो बाबा की कसम खा रहा हूं, इस मार्केट को मैं खत्म कर दूंगा। मैंने हमेशा आपका साथ दिया है।' इस दौरान विधायक की धमकी को सुनने के बाद वहां मौजूद एक बुजुर्ग उनसे कहते हैं, ‘भाई साहब हम आपको आश्वासन देते हैं, कि मार्केट का बच्चा-बच्चा आपके साथ खड़ा रहेगा।’
भारद्वाज ने कहा- CM सिर्फ क्रेडिट लूटने आ रहीं
उधर भाजपा विधायक के इस धमकी देने वाले वीडियो को शेयर करते हुए AAP के वरिष्ठ नेता और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'बीजेपी के विधायक मंगोलपुरी राजकुमार चौहान की खुली धमकी अगर आप लोग उद्घाटन में नहीं पहुंचे, नए संजय गांधी ट्रॉमा सेंटर के उद्घाटन में भीड़ नहीं हुई, तो मार्केट उजाड़ दूंगा मजेदार बात यह है कि एशिया का सबसे बड़ा ट्रामा सेंटर अरविंद केजरीवाल जी ने बनवाया है।'
भारद्वाज ने आगे लिखा, 'दिल्ली के लोग भी जानते हैं कि भाजपा की CM सिर्फ क्रेडिट लूटने आ रही हैं इसलिए भीड़ नहीं जुटेगी। पहले भी देखा गया है कि PM की रैली में भीड़ जुटाने के लिए जबरदस्ती MCD के सफाई कर्मचारियों को बस में भरकर भेजा गया। मगर फिर भी भीड़ नहीं जुट पाई। इससे साफ़ है भाजपा से जनता नाराज़ है और अब डरा धमकाकर भीड़ जुटाई जाती है।
इसके अलावा एक अन्य पोस्ट में सौरभ भारद्वाज ने सीएम को संबोधित करते हुए लिखा, 'CM रेखा गुप्ता जी, यह संजय गांधी ट्रामा सेंटर अस्पताल तो अरविंद केजरीवाल जी ने बनवाया है, मैं अपनी वर्ष 2023 की निरीक्षण का वीडियो भेज रहा हूं। अब दिल्ली वालों को भी PM के जन्मदिन का तोहफा भी केजरीवाल सरकार वाला होगा क्या?'
AAP बोली- दिल्ली की जनता 6 महीने में जान गई हकीकत
उधर AAP पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर की पोस्ट में वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'ट्रामा सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में अगर भीड़ नहीं आई तो मैं मार्केट को खत्म कर दूंगा। यह धमकी किसी और ने नहीं बल्कि मंगोलपुरी से बीजेपी के विधायक राजकुमार चौहान ने अपने क्षेत्र की जनता को दी है। वह जनता को धमकी देकर कह रहे हैं कि ट्रामा सेंटर के उद्घाटन में भीड़ नहीं जुटी तो मार्केट को उजाड़ देंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी जी की रैली में जनता नहीं आई थी तो MCD के कर्मचारियों को जबरदस्ती बस में भरकर ले जाया गया था। दिल्ली की जनता 6 महीने में ही बीजेपी सरकार की असलियत जान चुकी है और इनका बहिष्कार करने लगी है।'





