
लोनी के लिए गुड न्यूज, इन 15 वार्डों में बिछेंगी सीवर लाइनें, 27 हजार मकानों को होगा फायदा
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी के 15 वार्डों में सीवर लाइन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 104 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पंपिंग स्टेशन के जरिये इन्हें लोनी के 30 एमएलडी के एसटीपी से जोड़ा जाएगा।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी के 15 वार्डों में सीवर लाइन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 104 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पंपिंग स्टेशन के जरिये इन्हें लोनी के 30 एमएलडी के एसटीपी से जोड़ा जाएगा। लोनी में सीवर के गंदे पानी से हरियाली के नष्ट होने के संबंध में एनजीटी में एक याचिका डाली गई थी, जिस पर एनजीटी ने सीवर नेटवर्क को लेकर एक रिपोर्ट मांगी थी। साथ ही छूटे हुए इलाकों में सीवर लाइन बिछाने का आदेश दिया था। इसी के आधार पर जल निगम ने पहले पार्ट में 66.36 करोड़ रुपये की लागत से अंकुर विहार और डीएलएफ इलाके में बीते साल काम शुरू कराया था।

दूसरे चरण के रूप में लोनी नगर पालिका परिषद के 15 वार्डों के लिए करीब 104 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसे केंद्र सरकार के पोर्टल पर जल निगम ने डाल दिया है। अमृत योजना 2.0 के तहत जल्द ही इसे स्वीकृति मिलने वाली है। इसके बाद राज्य सरकार से बजट जारी होने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना में 15 वार्डों में 70 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके अलावा मेन लाइन डालकर सभी इलाकों को लोनी की एसटीपी से जोड़ जाएगा, जहां इसे शोधित किया जाएगा।
दो लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा : इस योजना में करीब 27 हजार मकानों को सीवर कनेक्शन दिया जाएगा। इससे दो लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा। सीवर लाइन डाले जाने के बाद नालों के जरिये गंदा पानी नदियों गिरने से रुकेगा। इससे जल प्रदूषण कम होगा।
इन वार्डों में काम होगा
लोनी के वार्ड संगम विहार, परमहंस विहार उत्तरी, परमहंस विहार दक्षिणी, राजीव गार्डन पश्चिमी, राजीव गार्डन पूर्वी, सोनिया विहार, सुनीता विहार, लक्ष्मी गार्डन, नाईपुरा, जवाहर नगर दक्षिणी, जवाहर नगर उत्तरी, आर्य नगर, विकास कुंज, इंदिरा एंक्लेव और आदर्श मंडी में यह काम कराया जाएगा।
पहला चरण चल रहा
पहले चरण में 66.36 करोड़ रुपये की योजना का काम आधे से अधिक हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि अगले साल जुलाई-अगस्त तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। योजना में करीब सात हजार मकानों को कनेक्शन दिया जाएगा। 10 एमएलडी का पंपिंग स्टेशन बनाया जा रहा।
अरुण प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम, ''सीवर योजना के दूसरे चरण में 104 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें 27 हजार मकानों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। योजना स्वीकृत होने के बाद इसका काम शुरू कराया जाएगा।''





