
उसने बात करना बंद कर दिया इसलिए... फरीदाबाद में सनकी ने लड़की पर क्यों चलाई गोली
फरीदाबाद में 12वीं की छात्रा को गोली मारने की घटना सामने आई है, जहां दोस्ती तोड़ने से नाराज 19 वर्षीय युवक ने लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर देशी कट्टे से हमला किया; घायल छात्रा अस्पताल में भर्ती है और पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में चार टीमें लगाई हैं।
फरीदाबाद में एक युवक ने 17 साल की लड़की को गोली मार दी। बल्लभगढ़ की श्याम कॉलोनी में सोमवार शाम एक 17 साल की बारहवीं की छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। तभी 19 साल के लड़के ने पास से गोली चला दी। गोली सिर पर लगनी थी, लेकिन चूक गई और कंधे-बांह में छर्रे लगे। लड़की प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है, उसकी हालत स्थिर है। आरोपी ने आखिर लड़की को गोली क्यों मारी? इसकी वजह भी सामने आई है।

शख्स ने क्यों मारी गोली?
पुलिस के मुताबिक दोनों एक ही लाइब्रेरी में पढ़ते थे। लड़की ने एक साल पुरानी जान-पहचान को दो हफ्ते पहले तोड़ दिया था। यही बात लड़के को नागवार गुजरी। वो बाहर घात लगाए बैठा था। जैसे ही लड़की निकली, उसने देशी कट्टा तान दिया। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
गोली चलाई और भाग गया
वारदात के बाद आरोपी ने कट्टा मौके पर फेंका और बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है। SHO शमशेर सिंह ने बताया, 'चार टीमें लगा दी हैं। आरोपी जल्द पकड़ में होगा।' लड़की के बयान पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा दर्ज।





