नेता अंतिम संस्कार की लकड़ी पर भी नाम लिख सकते हैं; AAP की 'कट्टर ईमानदार होली' पर बोले संदीप दीक्षित
दीक्षित ने कहा कि 'देखिए आज होली का पर्व है, होली हम सबके लिए पर्व होता है, सबको होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, ये बढ़िया मौका है, रमजान का महीना भी चल रहा है, और पूरा देश रंगों का ये उत्सव खुशी से मनाए, हर्षोल्लास से मनाए, और पूरा देश समृद्ध हो।'

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अपनी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ होली का त्योहार मनाया, और इसे उन्होंने 'कट्टर ईमानदार होली' का नाम दिया। उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने AAP के इस कदम की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि त्योहार और राजनीति को अलग-अलग रहने देना चाहिए। हर चीज में अपना नाम या पार्टी की पहचान जोड़ने की नेताओं की आदत पर तंज कसते हुए दीक्षित ने इतना तक कह दिया कि अगर इनका बस चले तो ये अंतिम संस्कार के लिए दी जाने वाली लकड़ी पर भी अपना नाम लिखवाकर भेजें।
'त्योहार और राजनीति को मिक्स नहीं करना चाहिए'
संदीप दीक्षित ने ANI से कहा, ‘होली और राजनीति अलग-अलग होती है, और मैं सबसे कहना चाहता हूं कि त्योहार और राजनीति को मिक्स नहीं करना चाहिए। बहुत मौके आते हैं। एक ये अजीब चीज देखी है मैंने नेताओं और राजनीतिज्ञों में कि हर चीज में घुस जाते हैं। उन लोगों का बस चले तो हम लोग अंतिम संस्कार के लिए जो लकड़ी देते हैं, उस पर भी अपना नाम लिखवाकर नेता भेजें, और सरकार को मौका मिले तो वह भी ऐसा ही करे। लेकिन ये चीजें नहीं करनी चाहिए।’
दीक्षित ने यह प्रतिक्रिया दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के घर पर पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 'कट्टर ईमानदार' होली मनाने के बारे में पूछे जाने पर दी।
केजरीवाल के बयान की तुलना कौए की कांव-कांव से की
वहीं जब उनसे अरविंद केजरीवाल के 'हमारे साथ बहुत गलत हुआ, अन्याय हुआ और षडयंत्र रचा गया' वाले बयान को लेकर पूछा गया तो कांग्रेस नेता ने कहा, 'देखिए आज होली का त्योहार है, कोई आदमी अपने बारे में कुछ भी बोले, उससे हमें क्या लेना-देना। हम होली मना रहे हैं, हमें होली मनाने दीजिए। ये वैसा ही है जैसे किसी उत्कृष्ट व्यक्ति का शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम चल रहा हो और वहां बगल में पेड़ पर बैठा एक कौआ कांव-कांव कर रहा हो, तो कौए की कांव-कांव हेडलाइन बनेगी या शास्त्रीय संगीत की।'
देश की समृद्धि की कामना की
आगे लोगों को होली की बधाई देते हुए दीक्षित ने कहा कि 'देखिए आज होली का पर्व है, होली हम सबके लिए पर्व होता है, सबको होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, ये बढ़िया मौका है, रमजान का महीना भी चल रहा है, और पूरा देश रंगों का ये उत्सव खुशी से मनाए, हर्षोल्लास से मनाए, और पूरा देश समृद्ध हो।'
उधर केजरीवाल ने लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'होली के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार आपके जीवन में खुशियाँ, प्रेम और नई ऊर्जा भर दे। आप सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भर जाए।' एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बगैर नाम लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, 'आज मनीष जी के घर पर पार्टी के सभी साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ “कट्टर ईमानदार” होली मनाई। उनकी साजिशों और झूठ के बीच भी आम आदमी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े हैं, क्योंकि हमारी ताकत है ईमानदारी और जनता का भरोसा। सच और संघर्ष के रंगों के साथ ऐसी ही आगे बढ़ते रहेंगे।'
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।



