जमीन से आसमान तक कड़ा पहरा, BRICS समिट के लिए दिल्ली में बनेगा 5 स्तरीय अभेद्य तकनीकी सुरक्षा घेरा
BRICS Summit 2026 : राजधानी में होने जा रहे ब्रिक्स समिट के दौरान सुरक्षा इतनी टाइट रहेगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस समेत सभी सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं। समिट में हिस्सा लेने भारत आ रहे विदेशी राष्ट्राध्यक्ष पांच स्तरीय तकनीकी ‘सुरक्षा कवच’ में रहेंगे।

दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS Summit 2026) को लेकर राजधानी की सुरक्षा को अभेद्य बनाया जा रहा है। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
वैश्विक नेताओं और राष्ट्राध्यक्षों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार एजेंसियां पांच स्तर के तकनीकी सुरक्षा कवच का सहारा ले रही हैं। जमीन से लेकर आसमान और अदृश्य खतरों से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस, एनएसजी और खुफिया एजेंसियों ने आधुनिक तकनीकों को जमीन पर उतार दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर पांच तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर चूक की कोई गुंजाइश न रहे।
1. थ्रीडी हवाई सुरक्षा : भारत मंडपम और पूरे लुटियंस जोन में एंटी-ड्रोन सिस्टम, रडार और इलेक्ट्रॉनिक जैमर्स तैनात रहेंगे। ये कई किलोमीटर दूर से अनधिकृत ड्रोन की पहचान कर उसके सिग्नल को निष्क्रिय कर सकेंगे।
2. वीआईपी काफिले की जीपीएस ट्रैकिंग : विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों के काफिले के सुरक्षा वाहनों में रीयल-टाइम जीपीएस लगाया गया है। कंट्रोल रूम से वाहनों की लोकेशन, रफ्तार और रूट पर नजर रखी जाएगी।
3. सीबीआरएन सुरक्षा कवच : रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु खतरों से निपटने के लिए एनडीआरएफ और सेना की विशेष टीमें हैजमैट वाहनों व अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तैनात रहेंगी।
4. एआई से 24 घंटे निगरानी : एयरपोर्ट, होटल, आयोजन स्थल और पूरे रूट पर हजारों हाई-डेफिनिशन कैमरे लगाए गए हैं। एआई कैमरे संदिग्ध गतिविधि, भीड़ और लावारिस वस्तुओं की पहचान कर तुरंत अलर्ट देंगे।
5. बायोमीट्रिक-फेशियल रिकग्निशन : आयोजन स्थल के सभी प्रवेश द्वारों पर चेहरा पहचानने और बायोमीट्रिक सिस्टम लगाए गए हैं। केवल पहले से सत्यापित अधिकारियों, स्टाफ और अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिलेगा।
यूएन चीफ भी ले सकते हैं ब्रिक्स समिट में हिस्सा
गौरतलब है कि भारत इस वर्ष 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता और मेजबानी करेगा। 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले शिखर समिट का मुख्य आयोजन भारत मंडपम में होगा, जहां कई द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष ब्रिक्स का विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस भी ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के भारत आ सकते हैं।
भारत ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों में एक है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने एक जनवरी 2026 को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली। इस वर्ष ब्रिक्स अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है।
(भाषा के इनपुट के साथ)

